Kanpur Lamborghini Crash : उत्तर प्रदेश। कानपुर के चर्चित लैंबॉर्गिनी हिट-एंड-रन मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा। यह वही हाई-प्रोफाइल मामला है, जिसमें 8 फरवरी को करोड़ों रुपये कीमत की लैंबॉर्गिनी कार ने वीआईपी रोड पर अनियंत्रित होकर कई लोगों को टक्कर मार दी थी। हादसे में छह लोग घायल हुए थे।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से बदली जांच की दिशा
शुरुआती दौर में बचाव पक्ष की ओर से दावा किया गया था कि घटना के समय कार शिवम मिश्रा नहीं, बल्कि उसका ड्राइवर मोहन चला रहा था। मोहन ने भी अदालत में पेश होकर यही बयान दिया था। हालांकि पुलिस की जांच इससे अलग दिशा में जाती दिखाई दी।
पुलिस ने घटनास्थल की मैपिंग, CCTV फुटेज, डिजिटल साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और वाहन के अंदर से मिले फॉरेंसिक संकेतों की समीक्षा की।
Bharat Bandh 2026 : ट्रेड डील से लेकर नए विधेयकों के खिलाफ आज भारत बंद, जानिए किन सेवाओं पर असर
जांच के बाद पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि दुर्घटना के समय ड्राइविंग सीट पर शिवम मिश्रा ही मौजूद था। सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार से बाहर निकलने वाला व्यक्ति भी शिवम से मिलता-जुलता दिखाई देता है।
ओवरस्पीडिंग से कार हुई उनकंट्रोल
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और चश्मदीदों के अनुसार कार अत्यधिक तेज रफ्तार में थी और चालक ने नियंत्रण खो दिया था। इसके बाद से ही यह सवाल उठ रहा था कि गाड़ी कौन चला रहा था।
समझौते से नया मोड़
मामले में उस समय नया मोड़ आया जब ई-रिक्शा चालक मोहम्मद तौफीक, जिसने मुकदमा दर्ज कराया था, ने मुआवजा मिलने के बाद आगे कानूनी कार्रवाई नहीं करने की इच्छा जताई।
तौफीक को कथित रूप से 20 हजार रुपये मुआवजे के तौर पर दिए गए। एक लिखित समझौते में यह उल्लेख किया गया कि समझौता बिना किसी दबाव के हुआ है।
हालांकि पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर कहा कि हाई-प्रोफाइल मामला होने के कारण समझौते को लेकर उच्च स्तर से दबाव की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
आगे की कार्रवाई
पुलिस अब अदालत से शिवम मिश्रा की कस्टडी रिमांड मांग सकती है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि दुर्घटना से पहले क्या हुआ, कार किसके निर्देश पर चलाई जा रही थी और ड्राइवर मोहन के बयान में विरोधाभास क्यों सामने आए।
लैंबॉर्गिनी एक इतालवी लग्जरी स्पोर्ट्स कार है, जिसकी कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक बताई जाती है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और अदालत की कार्यवाही पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।