हाइलाइट्स
- कक्षा में छात्रा संदीप कौर की हत्या, आरोपी प्रिंस राज की मौत।
- छात्रों और स्टाफ में गहरा डर, अफरा-तफरी मची।
- दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे, हर एंगल से जांच।
Tarn Taran Student Murder : तरनतारन। पंजाब के तरन तारन जिले में सोमवार को एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाली घटना सामने आई। गांव उसमा स्थित माई भागो लॉ कॉलेज में क्लास शुरू होते ही एक छात्र ने अपनी सहपाठी छात्रा पर हमला कर दिया, जिससे छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद आरोपी छात्र की भी मौत हो गई। इस वारदात के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्रों में गहरा डर फैल गया।
प्रिंस राज ने मारी गोली
मृत छात्रा की पहचान संदीप कौर, निवासी नौशहरा पन्नुआ के रूप में हुई है, जबकि आरोपी छात्र प्रिंस राज, गांव मलियां का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना के समय क्लासरूम में अन्य छात्र भी मौजूद थे, जिन्हें अचानक हुई इस हिंसक वारदात ने स्तब्ध कर दिया।
दोनों शवों को पीएम के लिए भेजा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जैसे ही कक्षा शुरू हुई, उसी दौरान यह घटना हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कॉलेज परिसर को सुरक्षित कर लिया गया। डीएसपी जगबीर सिंह ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि कॉलेज जैसे शैक्षणिक परिसर में कोई छात्र आपत्तिजनक हथियार के साथ कैसे प्रवेश कर पाया? क्या प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच की कोई व्यवस्था थी या उसमें चूक हुई?
पुलिस कर रही पूछताछ
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना के पीछे की वजह क्या थी। क्या यह व्यक्तिगत विवाद का मामला था या कोई और कारण, इसको लेकर पुलिस मृतकों के परिजनों, सहपाठियों और कॉलेज प्रशासन से पूछताछ कर रही है। कॉलेज में फिलहाल कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं और छात्रों को घर भेज दिया गया है।
यहां देखिये घटना का वीडियो