Pariksha pe Charcha 2026 : नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के 9वें संस्करण का दूसरा एपिसोड सोमवार को प्रसारित हुआ। इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने देश के अलग-अलग हिस्सों के छात्र-छात्राओं से बातचीत की और परीक्षा, करियर, टेक्नोलॉजी, स्टार्टअप और जीवन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर खुलकर बात की।
प्रतिभा और कौशल का सही इस्तेमाल
कार्यक्रम से पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि देश के विद्यार्थियों में अपने सपनों को सच करने की पूरी क्षमता है। परीक्षा पे चर्चा का मकसद यही है कि छात्र अपनी प्रतिभा और कौशल का सही इस्तेमाल करना सीखें।
उन्होंने एक संस्कृत श्लोक साझा करते हुए कहा कि विद्या, तर्क, विज्ञान, स्मृति, तत्परता और कर्मशीलता से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। दूसरे एपिसोड में पीएम मोदी ने देवमोगरा, कोयंबटूर, रायपुर, गुवाहाटी और दिल्ली के छात्रों से संवाद किया।
उन्होंने छात्रों को परीक्षा के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखने, नियमित दिनचर्या अपनाने और खुद पर भरोसा रखने की सलाह दी। पीएम ने कहा कि वे छात्रों से सिखाने के लिए नहीं, बल्कि सीखने के लिए बातचीत करते हैं।
इंडस्ट्री के प्रोफेशनल्स से मिलें छात्र
स्टार्टअप को लेकर पूछे गए सवाल पर पीएम मोदी ने कहा कि इसके लिए किसी खास उम्र की जरूरत नहीं होती। कोई भी छात्र कभी भी स्टार्टअप की शुरुआत कर सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि छात्र इंडस्ट्री के प्रोफेशनल्स से मिलें और उनके काम करने के तरीके को समझें।
हमें टेक्नोलॉजी का गुलाम नहीं बनना
टेक्नोलॉजी और एआई को लेकर पीएम मोदी ने साफ कहा कि हमें टेक्नोलॉजी का गुलाम नहीं बनना चाहिए। टेक्नोलॉजी से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि इसका इस्तेमाल अपनी क्षमता बढ़ाने के लिए करना चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्णय हमेशा इंसान के हाथ में होना चाहिए।
लोकल उत्पादों को अपनाने पर जोर
पढ़ाई और पैशन के बीच संतुलन पर पीएम मोदी ने कहा कि दोनों जरूरी हैं। अगर छात्र कला में रुचि रखते हैं, तो उसे पढ़ाई से जोड़कर सीख सकते हैं। इससे न केवल विषय समझने में मदद मिलती है, बल्कि तनाव भी कम होता है।
2047 के विकसित भारत के सवाल पर पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि आज के छात्र भी देश के भविष्य को लेकर सोच रहे हैं। उन्होंने साफ-सफाई, ट्रैफिक नियमों के पालन, पानी बचाने और लोकल उत्पादों को अपनाने पर जोर दिया।
India-US Trade Deal : भारत-अमेरिका ट्रेड डील अभूतपूर्व, किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक स्नैक्स किए साझा
रायपुर में पीएम मोदी ने छात्रों के साथ छत्तीसगढ़ के पारंपरिक स्नैक्स ठेठरी और खुरमी भी साझा किए। वहीं देवमोगरा में आदिवासी छात्रों से मिलकर शिक्षा और विकास पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और देश के विकास की सबसे मजबूत नींव है।