हाइलाइट्स
- दिल्ली के 9 बड़े स्कूलों को एक साथ बम की धमकी।
- सुबह 8.30 से 9 बजे के बीच आए कॉल और ईमेल।
- बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालकर तलाशी।
Delhi Schools Bomb Threat : नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शहर के 9 बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह कॉल और ईमेल सुबह करीब 8.30 से 9 बजे के बीच आए, जिससे स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए स्कूलों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
जांच प्रक्रिया जारी
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम स्क्वॉड की टीमें अलग-अलग स्कूलों में पहुंचीं। सुरक्षा के लिहाज से बच्चों और स्कूल स्टाफ को बाहर निकालकर पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई। शुरुआती जांच में किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, लेकिन एहतियातन जांच प्रक्रिया जारी रखी गई।
इन स्कूलों को मिली बम की धमकी
जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें दिल्ली कैंट का लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल, श्रीनिवासपुरी और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के केम्ब्रिज स्कूल, रोहिणी का वेंकटेश्वर स्कूल, CM श्री स्कूल और बाल भारती स्कूल, सादिक नगर का इंडियन स्कूल, आईएनए का DTA स्कूल और न्यू राजेंद्र नगर का वनस्थली स्कूल शामिल हैं। सभी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
एक ही समय पर भेजा ईमेल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सभी धमकी भरे कॉल और ईमेल लगभग एक ही समय पर आए हैं, जिससे यह मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस कॉल और ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर टीम की मदद से जांच कर रही है।
धमकी वाले ईमेल में भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल किया गया था और एक तय समय पर धमाके का दावा भी किया गया। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि ऐसे मामलों में घबराने की जरूरत नहीं है और हर सूचना की पूरी जांच की जाती है।

गौरतलब है कि जनवरी से फरवरी 2026 के बीच दिल्ली-एनसीआर में स्कूलों को बम की धमकियों की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे पहले भी कई बार स्कूलों को खाली कराया गया, लेकिन जांच में धमकियां फर्जी पाई गईं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में भी सच्चाई सामने लाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।