Vladimir Alekseyev Shot : मॉस्को। रूस की राजधानी मॉस्को से बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। रूस के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल व्लादिमीर अलेक्सेयेव को शुक्रवार को गोली मार दी गई, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सरकारी मीडिया ने जांच एजेंसियों के हवाले से इस हमले की पुष्टि की है।
लेफ्टिनेंट जनरल व्लादिमीर अलेक्सेयेव रूस के रक्षा मंत्रालय के जनरल स्टाफ के मुख्य निदेशालय (GRU) में डिप्टी चीफ के पद पर तैनात हैं।
इतना ही नहीं उन्हें रूस के सबसे ताकतवर सैन्य अधिकारियों में गिना जाता है। यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब बीते कुछ महीनों में कई वरिष्ठ रूसी सैन्य अधिकारियों को निशाना बनाया जा चुका है।
Pakistan Blast : इस्लामाबाद में जुमे की नमाज अदा करते समय बड़ा हादसा, बम ब्लास्ट में कई लोगों की मौत
अपार्टमेंट बिल्डिंग के अंदर मारी गई गोलियां
रूस की जांच समिति की प्रवक्ता स्वेतलाना पेट्रेंको ने बताया कि मॉस्को के उत्तर-पश्चिमी इलाके में स्थित एक रिहायशी अपार्टमेंट बिल्डिंग के भीतर अज्ञात हमलावर ने अलेक्सेयेव पर कई गोलियां चलाईं।
घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, हालांकि उनकी हालत को लेकर अब तक कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
पेट्रेंको ने यह भी बताया कि इस मामले में हत्या की कोशिश का आपराधिक केस दर्ज कर लिया गया है, लेकिन फिलहाल हमलावर या हमले के मकसद को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
GRU के अहम चेहरे रहे हैं अलेक्सेयेव
व्लादिमीर अलेक्सेयेव साल 2011 से रूस की सैन्य खुफिया एजेंसी GRU में फर्स्ट डिप्टी हेड के तौर पर कार्यरत हैं। यूक्रेन युद्ध के दौरान उनकी भूमिका काफी अहम रही है। साल 2022 में मारियुपोल की घेराबंदी के दौरान उन्होंने यूक्रेन के साथ बातचीत में हिस्सा लिया था।
इसके अलावा जून 2023 में वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोज़िन के विद्रोह के समय भी अलेक्सेयेव उन शीर्ष अधिकारियों में शामिल थे, जिन्हें प्रिगोज़िन से बातचीत के लिए भेजा गया था।
यूक्रेन युद्ध के बाद बढ़े हमले
यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद से कई वरिष्ठ रूसी सैन्य अधिकारियों को निशाना बनाया जा चुका है। मॉस्को इन हमलों के लिए अक्सर यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराता रहा है। कुछ मामलों में यूक्रेन की सैन्य और खुफिया एजेंसियों ने इन हमलों की जिम्मेदारी लेने का दावा भी किया है।
INDIA – EU FTA: ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ पर लगी मुहर; 110% टैक्स घटकर 10%; PM मोदी बोले – गेम चेंजर…
हाल ही में जनरल स्टाफ के आर्मी ट्रेनिंग निदेशालय के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल फानिल सरवारोव की दिसंबर 2025 में मॉस्को में कार के नीचे लगाए गए बम विस्फोट में मौत हो गई थी।
इससे पहले 2024 में जनरल इगोर किरिलोव की भी एक विस्फोट में हत्या की गई थी, जिसकी जिम्मेदारी यूक्रेन की SBU एजेंसी ने ली थी।