Two Terrorists Killed : जम्मू- कश्मीर। उधमपुर के जंगलों में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। 20 घंटे से अधिक समय तक चले संयुक्त अभियान के बाद बुधवार को जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के दो आतंकवादियों को मार गिराया गया। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
मारे गए आतंकवादियों में जैश-ए-मोहम्मद का शीर्ष कमांडर अबू मविया भी शामिल है, जो पिछले कई वर्षों से इस इलाके में सक्रिय था और सुरक्षा एजेंसियों को उसकी लंबे समय से तलाश थी।
‘ऑपरेशन किया’ के तहत कार्रवाई
सेना ने इस अभियान को ‘ऑपरेशन किया’ नाम दिया था। यह कार्रवाई उधमपुर के बसंतगढ़ इलाके के जाफर जंगल में की गई। सेना की व्हाइट नाइट कोर के अनुसार, पुलिस से मिली पुख्ता खुफिया जानकारी के आधार पर काउंटर इंटेलिजेंस फोर्स (सीआईएफ) डेल्टा, सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने मिलकर यह संयुक्त आतंकवाद-रोधी अभियान चलाया।
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी थी ताकि आतंकवादी भाग न सकें। मंगलवार को आतंकवादियों से पहली मुठभेड़ हुई, जिसके बाद लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।
सुनियोजित कार्रवाई में ढेर
सेना ने बताया कि सुनियोजित और समन्वित कार्रवाई के बाद दोनों आतंकवादियों को मार गिराया गया। इस अभियान में सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतरीन तालमेल और उच्च स्तर की पेशेवर क्षमता देखने को मिली।
हथियार और गोला-बारूद बरामद
अधिकारियों के अनुसार, एक आतंकवादी का शव एक गुफा के पास से बरामद किया गया, जबकि दूसरे का शव गुफा के अंदर मिला। मारे गए आतंकवादियों के पास से एक एम4 कार्बाइन, एक एके असॉल्ट राइफल और भारी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद बरामद किया गया है।
MP Narmada Crisis : मां नर्मदा खतरे में! हालात नहीं बदले तो 50 साल में सूख सकती है जीवनरेखा
क्षेत्र में निगरानी जारी
सेना ने कहा है कि ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है, लेकिन किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए पूरे इलाके में अब भी सघन निगरानी रखी जा रही है।