Highlights
- मुंबई के जुहू में अक्षय कुमार की सिक्योरिटी कार और ऑटो के बीच भीषण एक्सीडेंट
- हादसे में ऑटो चालक और एक यात्री घायल, अस्पताल में भर्ती
- अक्षय कुमार और पत्नी ट्विंकल खन्ना सुरक्षित, पुलिस जांच जारी
Akshay Kumar Accident News: सोमवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की सिक्योरिटी गाड़ी एक सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह घटना सिल्वर बीच कैफे और मुक्तेश्वर रोड के पास करीब रात 8:30 बजे हुई। हादसे में एक ऑटो रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो लोग घायल हो गए।
कैसे हुआ एक्सीडेंट
जानकारी के मुताबिक, अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ विदेश यात्रा से लौटकर एयरपोर्ट से घर जा रहे थे। वे आगे चल रही दूसरी कार में थे, जबकि पीछे उनकी सिक्योरिटी टीम की इनोवा और एक मर्सिडीज चल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार मर्सिडीज ने इनोवा को टक्कर मार दी और इनोवा आगे जाकर ऑटो से भिड़ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो पलट गया।
घायल अस्पताल में भर्ती
हादसे में ऑटो चालक और एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। ऑटो चालक के भाई ने बताया कि ऑटो पूरी तरह टूट गया है और इलाज में काफी खर्च आ रहा है। परिवार ने उचित इलाज और नुकसान के मुआवजे की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
हादसे की सूचना मिलते ही जुहू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मर्सिडीज ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है। राहत की बात यह रही कि अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना पूरी तरह सुरक्षित हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
हादसे के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें सिक्योरिटी गाड़ी पलटी हुई और ऑटो के चिथड़े उड़ते दिख रहे हैं। फिलहाल अक्षय कुमार की टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
READ MORE: ओलिंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल ने बैडमिंटन को कहा अलविदा; वर्ल्ड में नंबर-1 प्लेयर रह चुकी हैं