Highlights
- राहुल गांधी इंदौर दौरे पर, भागीरथपुरा के दूषित पानी से प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे।
- मनरेगा योजना का नाम बदलने के विरोध में 17 जनवरी को एक दिवसीय उपवास करेंगे।
- आनंद माथुर सभागृह में नगरीय निकाय नेताओं को संबोधित कर कांग्रेस की चुनावी रणनीति तय करेंगे।
Rahul Gandhi Indore: कांग्रेस नेता राहुल गांधी जल्द ही इंदौर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरे को आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारी से जोड़कर देखा रहा है। पार्टी ने इसको लेकर संगठन को सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं।
भागीरथपुरा के पीड़ितों से मुलाकात
राहुल गांधी इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से प्रभावित पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। वे पीड़ितों की समस्याएं सुनेंगे और सरकार की लापरवाही को उजागर करेंगे। कांग्रेस का कहना है कि इस घटना में कई लोगों की जान गई और सैकड़ों लोग बीमार हुए, लेकिन सरकार ने अब तक ठोस कदम नहीं उठाए।
नगरीय निकाय नेताओं को करेंगे संबोधित
इंदौर दौरे के दौरान राहुल गांधी आनंद माथुर सभागृह में प्रदेश भर से आए नगर निगम अध्यक्षों, नगर पालिका अध्यक्षों, पार्षदों और नेता प्रतिपक्ष को संबोधित करेंगे। इसके लिए मध्य प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के प्रतिनिधियों को इंदौर बुलाया गया है। बैठक का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और चुनावी रणनीति तय करना है।
READ MORE: एलन मस्क का AI Grok अब नहीं बनाएगा अश्लील कंटेंट; Deepfake तस्वीर बनाने वालो को मिलेगी ये सजा
मनरेगा नाम बदलने के विरोध में उपवास

कांग्रेस ने मनरेगा योजना का नाम बदले जाने के विरोध में 17 जनवरी को प्रदेशव्यापी एक दिवसीय उपवास का ऐलान किया है। यह उपवास सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक जिला स्तर पर आयोजित होगा। जिला कांग्रेस कमेटियों को इसके लिए निर्देश जारी किए गए हैं।
भाषण का लाइव प्रसारण
राहुल गांधी के इंदौर में दिए जाने वाले भाषण को सभी जिलों में उपवास स्थलों पर लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि यह कार्यक्रम गरीबों के हितों की रक्षा और सरकार की नीतियों के विरोध का प्रतीक है।