Highlights
- अमेरिकी ट्रेड डील पर बयान से शेयर बाजार में जोरदार रिकवरी।
- सेंसेक्स 302 अंक चढ़कर 83,878 और निफ्टी 107 अंक बढ़कर 25,790 पर बंद।
- एनर्जी, मेटल और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी, 30 में से 24 शेयरों में तेजी।
Share Market Today: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 301.93 अंक यानी 0.36% चढ़कर 83,878.17 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 106.95 अंक यानी 0.42% की तेजी के साथ 25,790.25 के पार पहुंच गया।
दिन में दिखी बड़ी रिकवरी
कारोबार की शुरुआत में बाजार दबाव में रहा। सेंसेक्स करीब 715 अंक गिरकर 82,861 के निचले स्तर तक आ गया था, जबकि निफ्टी 25,500 से नीचे फिसल गया था। लेकिन दोपहर बाद अमेरिकी राजदूत के बयान के बाद बाजार में जबरदस्त रिकवरी देखने को मिली और सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से करीब 1000 अंक उछल गया।
अमेरिकी बयान से बढ़ा जोश
अमेरिका के राजदूत सर्गियो गोर ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर सक्रिय बातचीत चल रही है। इस बयान से निवेशकों का भरोसा बढ़ा और बाजार में तेजी लौट आई। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले एक-दो साल में भारत आ सकते हैं।
READ MORE: इंदौर में दूषित पानी से एक ही दिन में दो की मौत; कुल मौतों का आंकड़ा पहुंचा 23 तक
किन सेक्टरों में रही खरीदारी
सोमवार को एनर्जी, मेटल और बैंकिंग शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। सेंसेक्स की 30 में से 24 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। टाटा स्टील, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स और भारती एयरटेल लाभ में रहे। वहीं इंफोसिस, बजाज फाइनेंस और एलएंडटी जैसे शेयरों में गिरावट रही।
रुपये में हल्की मजबूती
कमजोर डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपया भी संभला और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 2 पैसे मजबूत होकर 90.16 पर बंद हुआ।
पिछले सत्रों की गिरावट के बाद राहत
पिछले पांच कारोबारी दिनों की भारी गिरावट के बाद सोमवार की तेजी से निवेशकों को बड़ी राहत मिली और बाजार में सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
READ MORE: कोहली बने इंटरनेशनल क्रिकेट के दूसरे टॉप रन स्कोरर; तोड़ा संगकारा का रिकॉर्ड