Highlight
- ट्रंप ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति को चेतावनी दी, शर्ते न मानने पर दूसरे सैन्य हमले का संकेत।
- अमेरिका ने हालात अपने नियंत्रण में होने का दावा किया, वेनेजुएला के तेल संसाधनों तक पूरी पहुंच की मांग।
- कैरेबियन में 15 हजार अमेरिकी सैनिक तैनात, हालिया हमले में क्यूबा के 32 अधिकारियों की मौत की पुष्टि।
US-Venezuela Tension: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला को लेकर एक बार फिर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज अमेरिका की शर्ते नहीं मानतीं, तो उनका हाल पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो से भी बुरा हो सकता है। ट्रंप ने कहा कि जरूरत पड़ी तो अमेरिका दोबारा सैन्य कार्रवाई कर सकता है।
हालात हमारे कंट्रोल में – ट्रंप
ट्रंप का दावा है कि मादुरो को हिरासत में लेने के बाद वेनेजुएला की स्थिति अमेरिका के नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि अमेरिका जमीनी हालात पर नजर बनाए हुए है और देश को ठीक करने के लिए सभी विकल्प खुले हैं।
दूसरे हमले की तैयारी
ट्रंप ने बताया कि अमेरिका दूसरी मिलिट्री स्ट्राइक के लिए पूरी तरह तैयार था। हालांकि फिलहाल हमला नहीं किया गया, लेकिन हालात बिगड़ने पर यह विकल्प बना रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि एक सैन्य ऑपरेशन में अमेरिकी हेलिकॉप्टर को नुकसान पहुंचा, लेकिन सभी सैनिक सुरक्षित हैं।
ट्रंप ने वेनेजुएला को “मरा हुआ देश” बताते हुए कहा कि वहां का तेल ढांचा दोबारा खड़ा करना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी तेल कंपनियां निवेश के लिए तैयार हैं और अमेरिका को वेनेजुएला के तेल व संसाधनों तक पूरी पहुंच चाहिए।
सैन्य तैनाती
ब्रिटिश मीडिया के मुताबिक, कैरेबियन क्षेत्र में करीब 15 हजार अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। वहीं, 3 जनवरी को हुए अमेरिकी हमले में क्यूबा के 32 अधिकारियों की मौत की पुष्टि हुई है, जिसके बाद क्यूबा ने दो दिन का शोक घोषित किया।
विदेश मंत्री की सफाई
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि वेनेजुएला पर अमेरिका का कोई कब्जा नहीं है, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप के पास हर स्थिति से निपटने के विकल्प मौजूद हैं।
READ MORE: MP में सीजन का सबसे घना कोहरा; 20 मीटर विजिबिलिटी, स्कूल बंद, ठंड से जनजीवन बेहाल