Aayudh

Categories

नववर्ष पर राजा स्वरूप में सजे बाबा महाकाल; 2.5 लाख श्रद्धालु पहुंचे; महिला क्रिकेट टीम ने भी किए दर्शन

ujjain mahakal darshan today

Highlight

  • नववर्ष 2026 के पहले दिन उज्जैन महाकाल मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं ने भस्म आरती में दर्शन कर नए साल की शुरुआत की।
  • पंचामृत अभिषेक के बाद बाबा महाकाल राजा स्वरूप में सजे, मंदिर परिसर जय महाकाल के जयघोष से गूंज उठा।
  • भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों ने भी भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।

Ujjain Mahakal Darshan Today: नववर्ष 2026 के पहले दिन उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा महाकाल के दर्शन के लिए तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लाखों भक्तों ने नए साल की शुरुआत बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेकर की और सुख, शांति व सफलता की कामना की।

भस्म आरती में विशेष पूजन

गुरुवार सुबह 4 बजे भस्म आरती के साथ मंदिर के कपाट खोले गए। पंडे-पुजारियों ने विधि-विधान से भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया। इसके बाद दूध, दही, घी, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक हुआ। पूजन के दौरान हरि ओम के मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर गूंज उठा।

राजा स्वरूप में सजे बाबा महाकाल

अभिषेक के बाद बाबा महाकाल का आकर्षक राजा स्वरूप में श्रृंगार किया गया। भांग, चंदन, सिंदूर और आभूषणों से शृंगार कर रजत मुकुट, रुद्राक्ष माला और सुगंधित पुष्प अर्पित किए गए। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से शिवलिंग पर भस्म अर्पित की गई, जिसे देखकर भक्त भावविभोर हो गए।

READ MORE: नए साल की सुबह घने कोहरे में लिपटा मध्यप्रदेश; कल्याणपुर, नौगांव और खजुराहो सबसे ठंडे शहर

महिला क्रिकेट टीम ने भी किए दर्शन

भस्म आरती में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, स्नेह राणा, राधा यादव, रेणुका ठाकुर सहित अन्य खिलाड़ी और उनके परिजन भी शामिल हुए। खिलाड़ियों ने बाबा महाकाल के दर्शन कर नए साल के लिए आशीर्वाद लिया।

नववर्ष पर करीब 2.5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। दर्शन व्यवस्था रात 11 बजे तक चलेगी। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे मंदिर परिसर में जय महाकाल के जयघोष के साथ नववर्ष की शुरुआत हुई।

भस्म आरती

READ MORE: बाबा बागेश्वर बोले बदल गया है ट्रेंड! न्यू ईयर में युवा मकबरा नहीं मंदिर जा रहे, शराब की जगह चरणामृत…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *