MP Weather Update: मध्यप्रदेश में इस समय ठंड का दौर जारी है। प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में ठंड ने नए रिकॉर्ड बना दिए हैं। शहडोल जिले के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, ठंड का यह असर अभी कुछ दिन और बना रह सकता है।
30 से ज्यादा शहरों में 10 डिग्री से नीचे तापमान
प्रदेश के करीब 30 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। छतरपुर के नौगांव में 3 डिग्री, उमरिया में 3.1, खजुराहो में 4.4, राजगढ़ में 4.6 और पचमढ़ी में 4.8 डिग्री दर्ज किया गया। मंडला और रीवा में तापमान 5 डिग्री के आसपास रहा। राजधानी भोपाल में 5.6 डिग्री, इंदौर और ग्वालियर में 6.6 डिग्री तथा उज्जैन में 9.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
READ MORE: इंदौर कोर्ट में बोले जीतू पटवारी- मैं खुद वनवास भोग रहा हूं, भाजपा का पलटवार
घने कोहरे से विजिबिलिटी बेहद कम
ठंड के साथ-साथ घने कोहरे ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रीवा के सोहागी घाटी इलाके में विजिबिलिटी 20 मीटर तक सिमट गई। दतिया और ग्वालियर में भी विजिबिलिटी 50 मीटर के आसपास रही। कई जिलों में सुबह के समय सड़क पर चलना जोखिम भरा हो गया है।
10 से ज्यादा ट्रेनें लेट
कोहरे का असर रेल यातायात पर भी साफ दिखा। दिल्ली से भोपाल और इंदौर आने वाली मालवा एक्सप्रेस, शताब्दी, सचखंड और कर्नाटक एक्सप्रेस समेत 10 से अधिक ट्रेनें 4 से 10 घंटे तक देरी से चल रही हैं।
ठंड बढ़ने की वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पहाड़ी राज्यों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और तेज जेट स्ट्रीम के कारण ठंड बढ़ी है। जेट स्ट्रीम की रफ्तार 259 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने से रात के तापमान में तेज गिरावट आई है। आने वाले दिनों में भी ठंड और कोहरे का असर बना रहने की संभावना है।
READ MORE: शाह पर भड़की ममता, कहा – सिर्फ बंगाल में घुसपैठिए, तो क्या आपने कराया पहलगाम हमला ?