Delhi Blast: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जिस कार में सोमवार शाम (10 नवंबर 2025) को विस्फोट हुआ, वह जम्मू-कश्मीर के पुलवामा के रहने वाले तारिक नाम के व्यक्ति को बेची गई थी। यह जानकारी पुलिस जांच में सामने आई है।
धमाका शाम 6:52 बजे हुआ था, जिसमें 2 महिलाओं समेत 9 लोगों की मौत हो गई और 24 घायल हुए। हादसे में कई गाड़ियां और ई-रिक्शा जल गए। धमाके की आवाज एक किलोमीटर तक सुनी गई। कार में तीन लोग सवार थे। पुलिस ने बताया कि यह कार पहले गुरुग्राम निवासी सलमान के नाम पर रजिस्टर्ड थी। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि कार की बिक्री में फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल हुआ था।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एलएनजेपी अस्पताल और घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि एनआईए, एनएसजी और दिल्ली पुलिस की टीमें हर एंगल से जांच कर रही हैं। फिलहाल, आरडीएक्स के कोई सबूत नहीं मिले हैं।
धमाके के बाद दिल्ली-एनसीआर, मुंबई और यूपी में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीआईएसएफ ने मेट्रो, सरकारी इमारतों और एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी है। राजधानी में 14 साल बाद ऐसा बड़ा धमाका हुआ है।
READ MORE: एक्टर धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ी, वेंटिलेटर पर शिफ्ट किए गए – परिवार पहुंचा अस्पताल