Harish Rai Passed Away: कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर एक्टर हरीश राय का निधन हो गया है। वे थायरॉइड कैंसर से लंबे समय से जूझ रहे थे। गुरुवार को उन्होंने बेंगलुरु के किदवई अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हरीश राय का कैंसर पेट तक फैल गया था। इससे उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी और पेट में पानी भर जाने के कारण उन्हें काफी दर्द होता था। आर्थिक तंगी की वजह से उनका इलाज समय पर नहीं हो सका, जिससे हालत और खराब हो गई।
हरीश राय ने एक इंटरव्यू में बताया था कि फिल्म ‘KGF’ में उन्होंने अपनी गले की सूजन छुपाने के लिए लंबी दाढ़ी रखी थी। वे तीन साल से कैंसर से लड़ रहे थे।
करीब तीन दशक से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हरीश ने कई यादगार किरदार निभाए। उन्होंने ‘ओम’, ‘जोड़ी हक्की’, ‘तयव्वा’ और ‘संजू वेड्स गीता’ जैसी फिल्मों में काम किया। नेगेटिव रोल में उनकी दमदार अदाकारी दर्शकों को खूब पसंद आई।
इलाज के दौरान कई सितारों ने उनकी मदद की, लेकिन वे जिंदगी की जंग हार गए। हरीश राय 63 साल के थे।