Asia Cup Trophy controversy: भारत ने एशिया कप 2025 का फाइनल जीतकर इतिहास रच दिया, लेकिन टीम इंडिया को अब तक ट्रॉफी नहीं मिल पाई। वजह रही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) अध्यक्ष मोहसिन नकवी। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। नकवी पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं और भारत विरोधी बयानों के लिए जाने जाते हैं।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने साफ कहा कि भारतीय टीम का फैसला सही था। उन्होंने कहा, “भारत उस व्यक्ति से ट्रॉफी नहीं ले सकता जो हमारे देश के खिलाफ खड़ा है। लेकिन नकवी का ट्रॉफी और मेडल अपने होटल ले जाना खेल भावना के खिलाफ है। हम इसका विरोध करेंगे।”
सैकिया ने आगे बताया कि BCCI इस मामले को नवंबर में दुबई में होने वाली ICC बैठक में उठाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नकवी जल्द ट्रॉफी भारत को लौटा देंगे, वरना बोर्ड कड़ा एक्शन लेगा।
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी साफ कहा कि असली ट्रॉफी उनकी टीम है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हमने मैच और टूर्नामेंट जीता, यही हमारी जीत की असली पहचान है। ट्रॉफी की तस्वीर से ज्यादा टीम इंडिया की मेहनत और जश्न याद रखा जाएगा।”
भारत ने पूरे टूर्नामेंट में सातों मैच जीते और फाइनल में पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया। तिलक वर्मा के नाबाद 69 रन भारत की जीत में अहम रहे। यह जीत भारतीय क्रिकेट और देशवासियों के लिए गर्व का पल बन गई है।