Weather Update: देश की राजधानी दिल्ली इस समय भीषण ठंड की चपेट में है। तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार आज का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन हो सकता है। शीतलहर के चलते सुबह और रात के समय भारी ठंड पड़ सकती है। IMD ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मध्यप्रदेश में ठंड और कोहरे का डबल अटैक
मध्यप्रदेश में ठंड ने और ज्यादा असर दिखाया है। कई जिलों में रात का तापमान 3 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री दर्ज किया गया। सीहोर, मुरैना और छिंदवाड़ा में पौधों पर हल्की बर्फ की परत तक जम गई है।
राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री दर्ज किया गया, तो वहीं इंदौर में भी ठंड और कोहरे का असर जारी है।
दिन में भी नहीं मिल रही राहत
सिर्फ रात ही नहीं, दिन के समय भी ठंड का असर बना हुआ है। खजुराहो और नौगांव में दिन का तापमान 16 डिग्री से नीचे रहा। भोपाल, ग्वालियर, रीवा और दतिया में ठंडी हवाओं के कारण कोल्ड डे जैसे हालात बने रहे।
READ MORE: इंदौर में दूषित पानी से 20 की मौत; कांग्रेस का 11 को विरोध प्रदर्शन, राहुल गांधी होंगे शामिल
कोहरे से ट्रेन और फ्लाइट प्रभावित
घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। दिल्ली से मध्यप्रदेश आने वाली एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें रोज 2 से 6 घंटे की देरी से पहुंच रही हैं। वाराणसी में भी कोहरे के कारण फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हुआ है।
स्कूलों के समय में बदलाव
ठंड को देखते हुए इंदौर में कक्षा 8 तक के स्कूलों का समय बदल दिया गया है। वहीं नोएडा में 10 जनवरी तक कक्षा 8 तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
आगे और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। फिलहाल राहत के आसार कम हैं। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
READ MORE: मुरैना के मदरसों में पढ़ रहे 254 हिंदू बच्चे; शिक्षा विभाग ने खुद किया कबूल