जबलपुर स्थित सेना से जुड़ी आयुध निर्माणी खमरिया को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद फैक्ट्री परिसर में हड़कंप मच गया और तुरंत हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, आर्मी और डिफेंस की खुफिया एजेंसियां जांच में जुट गई हैं।
ई-मेल से दी गई धमकी
जानकारी के अनुसार, 22 दिसंबर को आयुध निर्माणी खमरिया के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश आया था। मेल में 23 दिसंबर को फैक्ट्री को ब्लास्ट करने की बात कही गई थी। बताया जा रहा है कि यह मेल तमिलनाडु से भेजा गया था, जिसमें इटारसी और जबलपुर दोनों आयुध निर्माणियों को उड़ाने की धमकी दी गई थी।
पुलिस और एजेंसियों की सघन जांच
धमकी मिलते ही जबलपुर पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। एएसपी जितेंद्र सिंह के अनुसार, फैक्ट्री परिसर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। आर्मी और डिफेंस इंटेलिजेंस विंग भी जांच में सक्रिय हैं। ई-मेल के सोर्स की तकनीकी जांच की जा रही है।
बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड तैनात
फैक्ट्री के फिलिंग सेक्शन समेत संवेदनशील इलाकों में विशेष तलाशी ली गई। बम स्क्वॉड ने पूरे दिन फैक्ट्री में डेरा डाले रखा, वहीं डॉग स्क्वॉड की मदद से भी सर्चिंग की गई। मंगलवार से बुधवार सुबह तक लगातार जांच चलती रही।
अब तक कुछ संदिग्ध नहीं मिला
सर्चिग के दौरान अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रही हैं। फैक्ट्री प्रबंधन का कहना है कि यह मॉकड्रिल भी हो सकती है, लेकिन हर पहलू से जांच जारी है।
READ MORE: बांग्लादेश हिंसा पर बोले धीरेंद्र शास्त्री: “हिंदू एक नहीं हुए तो भारत में भी होंगे ऐसे हालात”