Sulakshana Pandit Passed Away: बॉलीवुड की मशहूर गायिका और अभिनेत्री सुलक्षणा पंडित का गुरुवार शाम मुंबई में निधन हो गया। 71 वर्षीय सुलक्षणा पंडित ने नानावटी अस्पताल में आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि उन्हें हार्ट अटैक आया था। उनके भाई और म्यूजिक डायरेक्टर ललित पंडित ने बताया कि उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया।
सुलक्षणा पंडित का जन्म 12 जुलाई 1954 को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में हुआ था। उनके पिता प्रताप नारायण पंडित शास्त्रीय गायक थे और उनके चाचा मशहूर गायक पंडित जसराज थे। उन्होंने महज 9 साल की उम्र में गायन शुरू कर दिया था।
सुलक्षणा ने 1975 में फिल्म ‘उलझन’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की और राजेश खन्ना, जितेंद्र, शशि कपूर और विनोद खन्ना जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया। उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘हेरा फेरी’, ‘अपनापन’, ‘खानदान’ और ‘वक्त की दीवार’ शामिल हैं।
गायकी में भी उन्होंने बड़ा नाम कमाया। उन्होंने लता मंगेशकर, किशोर कुमार और मोहम्मद रफी जैसे दिग्गजों के साथ कई हिट गीत गाए। फिल्म ‘संकल्प’ के गाने ‘तू ही सागर तू ही किनारा’ के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला था।
READ MORE: KGF फेम एक्टर हरीश राय का निधन, थायरॉइड कैंसर से लंबे समय से जूझ रहे थे