Sonam Wangchuk: लद्दाख में हुई हिंसा के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत गिरफ्तार किए गए पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी को लेकर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। यह याचिका वांगचुक की पत्नी गीतांजलि ने दायर की है। उन्होंने अपने पति की गिरफ्तारी को अवैध बताया है और तत्काल रिहाई की मांग की है।
याचिका सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एनवी अंजारिया की बेंच के सामने सुनवाई के लिए सूचीबद्ध की गई है। यह याचिका अनुच्छेद 32 के तहत हेबियस कॉर्पस के रूप में दाखिल की गई है।
सोनम वांगचुक को 26 सितंबर को लेह में हुए एक प्रदर्शन के दो दिन बाद गिरफ्तार किया गया था। यह प्रदर्शन लद्दाख को राज्य का दर्जा देने और छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर हुआ था। हिंसा में 4 लोगों की मौत और करीब 90 लोग घायल हुए थे। फिलहाल वांगचुक जोधपुर जेल में बंद हैं।
गीतांजलि ने आरोप लगाया है कि गिरफ्तारी के एक हफ्ते बाद भी उन्हें वांगचुक की सेहत या हिरासत के कारणों की जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि अभी तक उन्हें डिटेंशन ऑर्डर की कॉपी भी नहीं मिली है, जो नियमों के खिलाफ है।