Shilpa Shetty: बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पॉपुलर रेस्टोरेंट ‘बैस्टियन बांद्रा’ को बंद किया जा रहा है। शिल्पा ने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने इसे “एक युग का अंत” बताया।
शिल्पा का भावुक संदेश

शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर लिखा,”इस गुरुवार एक युग का अंत होगा, जब हम मुंबई की सबसे आइकॉनिक जगह बैस्टियन बांद्रा को अलविदा कहेंगे। यह जगह हमें अनगिनत यादें और शहर की नाइट लाइफ को नई पहचान दे गई।”
उन्होंने बताया कि आखिरी दिन एक खास नाइट आयोजित की जाएगी। इसमें पुराने मेहमानों के साथ इस जगह को अलविदा कहा जाएगा।
नई शुरुआत भी होगी
शिल्पा ने साफ किया कि ब्रांड खत्म नहीं होगा। इसका नया चैप्टर ‘बैस्टियन एट द टॉप’ नाम से आगे बढ़ेगा। यहां नए अनुभव और नई ऊर्जा के साथ यह सफर जारी रहेगा।
2016 में हुई थी शुरुआत
‘बैस्टियन’ की शुरुआत शिल्पा शेट्टी और रंजीत बिंद्रा ने 2016 में की थी। यह जगह मुंबई की नाइटलाइफ और सी-फूड के लिए बेहद पॉपुलर रही। फिल्मी सितारे और बिजनेस जगत की बड़ी हस्तियां यहां अक्सर नजर आती थी।
60 करोड़ की ठगी का मामला
इसी बीच शिल्पा और उनके पति राज कुंद्रा पर 60.4 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है। मुंबई के कारोबारी दीपक कोठारी ने दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उनका दावा है कि यह रकम लोन और इन्वेस्टमेंट के रूप में दी गई थी, लेकिन बाद में वापस नहीं की गई।
यह मामला ‘बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड’ से जुड़ा है। आरोप है कि इस रकम का इस्तेमाल व्यक्तिगत खर्चों में किया गया। जांच आर्थिक अपराध शाखा (EOW) कर रही है।
शिल्पा-राज का बचाव
शिल्पा और राज कुंद्रा के वकील प्रशांत पाटिल ने आरोपों को “बेसलेस” बताया। उनका कहना है कि यह पुराना लेन-देन है और सिविल नेचर का मामला है। उन्होंने कहा कि सभी जरूरी दस्तावेज पहले ही जांच एजेंसियों को दिए जा चुके हैं।