Highlights
- साइना नेहवाल ने घुटने की गंभीर बीमारी के कारण प्रोफेशनल बैडमिंटन से संन्यास लिया
- साइना ने आखिरी मैच 2023 में खेला
- साइना ने चोट के बावजूद भारत को कई अंतरराष्ट्रीय पदक दिलाए
Saina Nehwal Retirement: भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी और ओलिंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल ने प्रोफेशनल बैडमिंटन से संन्यास लेने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। लंबे समय से घुटने की गंभीर समस्या से जूझ रही साइना ने कहा कि अब उनका शरीर शीर्ष स्तर के खेल का दबाव झेलने की स्थिति में नहीं है।
2023 में खेला था आखिरी मैच
साइना ने आखिरी बार 2023 में सिंगापुर ओपन में मुकाबला खेला था। हालांकि, उस समय उन्होंने संन्यास की कोई औपचारिक घोषणा नहीं की थी। हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने बताया कि वे दो साल पहले ही खेल से दूर हो चुकी थी।
घुटने की बीमारी बनी वजह
साइना ने बताया कि उनके घुटनों का कार्टिलेज पूरी तरह घिस चुका है और उन्हें आर्थराइटिस हो गया है। उन्होंने कहा कि पहले वह दिन में 8–9 घंटे ट्रेनिंग कर पाती थी, लेकिन बाद में 1–2 घंटे में ही घुटने सूज जाते थे। ऐसे में खेल को आगे बढ़ाना मुश्किल हो गया।
चोट के बाद भी की शानदार वापसी
रियो ओलिंपिक 2016 के दौरान लगी घुटने की चोट के बाद भी साइना ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने 2017 वर्ल्ड चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज और 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर जोरदार वापसी की, लेकिन चोट उन्हें बार-बार परेशान करती रही।
भारत को दिलाया ओलिंपिक पदक
साइना नेहवाल लंदन ओलिंपिक 2012 में कांस्य पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। वे पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 भी रह चुकी हैं और तीन ओलिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
अवॉर्ड से सजा करियर
साइना को 2009 में अर्जुन अवॉर्ड और 2010 में राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनका करियर भारतीय खेल इतिहास के पन्नो में हमेशा दर्ज रहेगा।
READ MORE: 45 साल के नितिन नबीन संभालेंगे भाजपा की कमान; निर्विरोध बने राष्ट्रीय अध्यक्ष