RS Election Politics : भोपाल। मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस बार तीसरी राज्यसभा सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही इस सीट को लेकर पूरी ताकत झोंक रही हैं। भाजपा ने तीसरी सीट के लिए महेश केवट को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस भी अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रही है। राज्यसभा की इस सीट के लिए मतदान 18 जून को विधानसभा में होगा, जिसके चलते दोनों दलों ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
कांग्रेस की कर्नाटक रणनीति, विधायक होंगे रवाना
राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अपने विधायकों को एकजुट रखने की रणनीति पर काम कर रही है। इसी कड़ी में पार्टी आज अपने विधायकों को कर्नाटक भेजने की तैयारी कर रही है। जानकारी के अनुसार दोपहर 12:30 बजे भोपाल से कांग्रेस विधायक कर्नाटक के लिए रवाना होंगे। हालांकि सूत्रों के मुताबिक 5 से 7 विधायक पहले चरण में कर्नाटक नहीं जाएंगे।
कुछ वरिष्ठ नेताओं और विधायकों के पारिवारिक कार्यक्रम होने के कारण वे एक या दो दिन बाद बेंगलुरु पहुंच सकते हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, सतीश सिकरवार और आरिफ मसूद भी पहले दिन कर्नाटक नहीं जाएंगे। बताया जा रहा है कि उमंग सिंघार अगले दिन बेंगलुरु पहुंचेंगे।
जीतू पटवारी का बड़ा दावा, भाजपा पर लगाए आरोप
राजनीतिक उठापटक के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का दायित्व लोकतंत्र को सुरक्षित रखना है और पार्टी राज्यसभा चुनाव में 100 प्रतिशत जीत दर्ज करेगी। पटवारी ने दावा किया कि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
उन्होंने प्रदेश की जनता से कांग्रेस का समर्थन करने की अपील करते हुए भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार फैलाने का आरोप लगाया। पटवारी ने कहा कि सरकार केवल विज्ञापन, भ्रष्टाचार और जनता को गुमराह करने का काम कर रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने तीसरी सीट पर ओबीसी उम्मीदवार को केवल चुनाव हराने की मंशा से मैदान में उतारा है, जबकि महिला आरक्षण की बात करने वाली पार्टी महिला उम्मीदवार को हराने की साजिश कर रही है।
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा का पलटवार
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने भी जोरदार प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस के खेमे में घबराहट और बौखलाहट साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के जीत के दावों का प्रतिशत लगातार कम होता जा रहा है और 18 जून तक पार्टी अपनी हार स्वीकार कर लेगी।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास भ्रष्टाचार से जुड़ा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्यसभा चुनाव में भाजपा को सफलता मिलेगी और विपक्ष के सभी आरोप बेबुनियाद साबित होंगे।
18 जून के मतदान पर टिकी राजनीतिक नजरें
मध्यप्रदेश की तीसरी राज्यसभा सीट का चुनाव अब राजनीतिक प्रतिष्ठा का विषय बन चुका है। कांग्रेस जहां अपने विधायकों को एकजुट रखने में जुटी है, वहीं भाजपा अपनी जीत को लेकर आश्वस्त दिखाई दे रही है।
दोनों दलों के दावों और आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब सभी की नजरें 18 जून को होने वाले मतदान और उसके परिणामों पर टिकी हुई हैं। यह चुनाव प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण तय कर सकता है।