Raj Kundra: 60 करोड़ रूपये की धोखाधड़ी के मामले में बीते सोमवार को बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टा के पति राज कुद्रा EOW के सामने पेश हुए। बिजनेसमैन और एक्टर राज कुंद्रा 60 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी मामले में सोमवार को मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) के सामने पेश हुए। अधिकारियों ने पुष्टि की कि उनसे लंबी पूछताछ की गई और उनका बयान दर्ज किया गया। सूत्रों के मुताबिक, अगले हफ्ते उन्हें फिर से बुलाया जा सकता है।
क्या है मामला?
यह मामला बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी से जुड़ा है, जिसे शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा ने प्रवर्तित किया था। कारोबारी दीपक कोठारी का आरोप है कि साल 2015 से 2023 के बीच उन्होंने कंपनी में बिजनेस विस्तार के लिए करीब 60.48 करोड़ रुपये का निवेश किया था। उनका कहना है कि इस रकम का इस्तेमाल कंपनी में करने के बजाय कुंद्रा और शिल्पा ने निजी तौर पर कर लिया।
दोनों पक्षों की दलील
शिकायतकर्ता पक्ष: कोठारी के वकील जैन श्रॉफ का कहना है कि उनके मुवक्किल ने सबूतों के साथ निवेश किया था और उन्हें गुमराह किया गया।
शिल्पा शेट्टी का पक्ष: अभिनेत्री के वकील प्रशांत पाटिल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि शिकायतकर्ता खुद कंपनी में पार्टनर थे। यहां तक कि उनके बेटे को डायरेक्टर भी बनाया गया था। ऐसे में अगर कंपनी को मुनाफा होता, तो उसका हिस्सा भी उन्हें मिलता।
जांच की स्थिति
ईओडब्ल्यू ने इस मामले में शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था, ताकि दोनों की यात्रा से जुड़ी जानकारियां मिल सकें। इसके साथ ही राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (NCLT) के ऑडिटर को भी पूछताछ के लिए समन भेजा गया है। फिलहाल कई गवाहों के बयानों की पुष्टि बाकी है, जिसके बाद जांच का अगला दौर शुरू होगा।
राज कुंद्रा का बयान
राज कुंद्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा था, “हमने कुछ गलत नहीं किया और न ही कभी करेंगे।”
बिजनेस जगत के अलावा राज कुंद्रा अब एक्टिंग में भी सक्रिय है। हाल ही में उनकी फिल्म ‘मेहर’ रिलीज हुई थी, जिसमें वह एक्ट्रेस गीता बसरा के साथ नजर आए थे। वहीं, शिल्पा शेट्टी को आखिरी बार फिल्म ‘कमीने’ में देखा गया था।