Punjab Flood: पंजाब इस समय भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। सतलुज, रावी और ब्यास नदियों के उफान ने राज्य में तबाही मचा दी है। अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है। 23 जिलों के 1902 गांवों में बाढ़ का पानी भर गया है। करीब 3.84 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राहत कार्यों को तेज करने के आदेश दिए हैं। हर प्रभावित गांव में एक-एक गजटेड अफसर तैनात किया गया है, ताकि लोग अपनी समस्या सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकें।
लुधियाना में बढ़ा खतरा
लुधियाना जिले के कई गांव खतरे में हैं। ससराली कॉलोनी के पास बांध कमजोर हो गया है। कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और डिप्टी कमिश्नर मौके पर पहुंचे और सेना को बुलाया गया। एनडीआरएफ और सेना की टीम बांध को मजबूत करने में जुटी है। लोगों को ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
किसानों पर सबसे बड़ा असर
बाढ़ का सबसे बड़ा असर खेती पर पड़ा है। करीब 4 लाख एकड़ कृषि भूमि डूब चुकी है। धान, मक्का, गन्ना और कपास जैसी फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। किसान मुआवजे और आर्थिक मदद की मांग कर रहे हैं।
कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर मुआवजे की रकम बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पंजाब देश का अन्न भंडार है, और बिना केंद्र की मदद के फसल नुकसान की भरपाई संभव नहीं।
केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें हालात का जायजा लेने के लिए पंजाब भेजा है। चौहान ने पानी में उतरकर स्थिति का आकलन किया और जल्द राहत पैकेज का भरोसा दिया।
पहाड़ी इलाकों में भी संकट
पठानकोट में लगातार बारिश से पहाड़ खिसकने लगे हैं। जगह-जगह मलबा गिरने से यातायात रुक गया है। शाहपुरकंडी डैम साइड रोड भी पूरी तरह बंद हो गया है।
सरकार ने मांगा राहत पैकेज
पंजाब सरकार ने केंद्र से 2000 करोड़ रुपये का विशेष राहत पैकेज मांगा है। साथ ही 60 हजार करोड़ रुपये का बकाया तुरंत जारी करने की भी मांग की गई है।
हालात पर सख्त निगरानी
भाखड़ा बांध का जलस्तर खतरे के निशान के करीब है। चार फ्लड गेट खोल दिए गए हैं। इसका असर रूपनगर, लुधियाना और हरिके तक दिख रहा है।
सीएम आवास पर कैबिनेट मीटिंग बुलाई गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सिर्फ आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।
READ MORE: त्योहारों से पहले खुशखबरी, PM मोदी बोले- GST 2.0 से हर परिवार को बड़ा फायदा