प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के अवसर पर देशवासियों के नाम एक पत्र लिखा जिसमें उन्होंने राम मंदिर, ऑपरेशन सिंदूर, नक्सलवाद और देश की आर्थिक प्रगति का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि यह अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद दूसरी दीपावली है। भगवान श्रीराम हमें धर्म का पालन करने और अन्याय से लड़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि इसका उदाहरण हमने कुछ महीने पहले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान देखा, जब भारत ने मर्यादा का पालन करते हुए अन्याय का बदला लिया।
प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में बताया कि इस बार की दीपावली खास है क्योंकि पहली बार देश के कई जिलों में, जहां पहले नक्सलवाद और माओवादी हिंसा फैली हुई थी, आज शांति और विकास की रोशनी जल रही है। उन्होंने कहा कि कई लोग हिंसा का रास्ता छोड़कर अब देश की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं।
मोदी ने पत्र में देश की आर्थिक उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जीएसटी दरों में कमी आई है और भारत आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं, स्वच्छता का ध्यान रखें और स्वस्थ जीवन के लिए योग को अपनाएं। उन्होंने कहा कि हर नागरिक का प्रयास भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
READ MORE: कॉमेडी के बादशाह असरानी का निधन; पीएम मोदी बोले – उनके बिना भारतीय सिनेमा अधूरा रहेगा
 
															 
															 
															 
             
             
					 
					