पूरे देश में लोकसभा चुनाव का दौर चल रहा है। हर कोई अपनी पार्टी के प्रचार-प्रसार में व्यस्त है। इसी कड़ी में वर्तमान में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार यानी 12 अप्रैल के दिन बाड़मेर पहुंचे। बाड़मेर में चुनावी प्रचार के दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कई बड़े बयान दिए। प्रधानमंत्री ने इंडिया गठबंधन के घोषणा पत्र में किए गए ऐलान को लेकर भी विपक्ष पर जमकर हमला किया। पीएम मोदी बोले, इंडिया गठबंधन के नेता देश से परमाणु हथियार खत्म करना चाहते हैं। आगे बोले, ‘मै इंडिया गठबंधन से पूछना चाहता हूं कि आप किसके कहने पर काम कर रहे हैं, जो देश से परमाणु हथियार खत्म करके भारत को शक्तिहीन करना चाहते है। किसके दबाव में आकर आपका इंडिया गठबंधन हमारी परमाणु शक्ति को खत्म करना चाहता है।
कांग्रेसी देशहित की बात नहीं करते: पीएम मोदी
बाडमेर में जनता के सामने पीएम मोदी बोले, ‘कांग्रेस ने जिन को दशकों तक नहीं पूछा, उनको आपका मोदी पूजता है। मोदी चाहता है कि भारत देश के आदिवासी बच्चे आगे बढ़ें, इसके लिए हम देश में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय खोल रहे हैं। आदिवासी समजा को सिकल सेल एनीमिया से मुक्ति दिलाने के लिए हम अभियान चला रहे हैं। कांग्रेस सालों से हर उस योजना या कार्य का विरोध करती आ रही है जिससे देश का कल्याण होता हो। कांग्रेस उस ताकत का साथ देती है जो देशविरोधी होती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि, ‘कांग्रेस के हर नेता की सोच विकास विरोधी है। कांग्रेस के नेता भारत देश के सीमावर्ती गांवों को देश का आखिरी गांव बोलते हैं। ये लोग देश के सीमावर्ती गांवों में रहने वाले लोगों को भारत में हो रहे विकास से वंचित रखते थे। भाजपा की सोच ऐसी नहीं है हम देश के सीमावर्ती गांवों को भी देश का ही हिस्सा मानते है। ये गांव हमारे लिए आखिरी नहीं पहले होते हैं। हमारी सोच है कि यहां से देश खत्म नहीं होता है, बल्कि यहां से भारत देश शुरू होता है।
उन्होंने कहा कि, ‘राजस्थान देश का वह हिस्सा है जहां के लोगों ने अपने खून से देश को सींचा है, कांग्रेस ने उन लोगों को भी पानी के लिए तरसाया है। जितने भी सीलों तक राजस्थान में कांग्रेस की सरकार रही, राजस्थान में चलाई जाने वाली जल जीवन मिशन में भी कांग्रेस ने कई घोटाले किए। यहां तक कि कांग्रेस ने राजस्थान में पानी लाने वाली परियोजना ERCP भी पूरी नहीं होनी दी थी।’