PM Modi On Delhi Blast: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए ब्लास्ट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। घायलों का इलाज दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है। जांच में खुलासा हुआ है कि धमाके में अमोनियम नाइट्रेट, फ्यूल और डेटोनेटर का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस को शक है कि पुलवामा का रहने वाला डॉ. मोहम्मद उमर नबी इस विस्फोट में शामिल था। CCTV फुटेज में वह धमाके वाली कार चलाते हुए दिखा है। माना जा रहा है कि उसने खुद को विस्फोट में उड़ा लिया।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूटान से घटना पर पहली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। जो लोग इस साजिश में शामिल हैं, उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।” पीएम ने बताया कि वे रातभर जांच एजेंसियों के संपर्क में रहे और हर जरूरी निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों को निष्पक्ष और त्वरित जांच के निर्देश दिए गए हैं।
इधर गृह मंत्रालय में आज दोपहर 3 बजे अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें एनआईए, आईबी और जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारी शामिल होंगे। सोमवार शाम 6:52 बजे हुआ यह धमाका देशभर में दहशत का कारण बना हुआ है।
READ MORE: ईशा देओल बोली- पापा धर्मेंद्र ठीक हैं, निधन की खबरें झूठी