Panna News: जिले के अमानगंज क्षेत्र में धान खरीदी में अव्यवस्था के चलते किसानों का गुस्सा फूटा। रावत वेयरहाउस स्थित खरीदी केंद्र पर समय पर तुलाई न होने से नाराज किसानों ने पन्ना–कटनी मुख्य मार्ग जाम कर सड़क पर लेटकर जोरदार प्रदर्शन किया।
किसानों का कहना है कि वे पहले से स्लॉट बुक कर केंद्र पर आते हैं, लेकिन 7 से 10 दिन तक उनकी धान की तुलाई नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीदी केंद्र के अधिकारी और कर्मचारी उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे हैं। मापदंडों के अनुसार धान को साफ कराने के बावजूद क्वालिटी खराब बताकर तुलाई से रोका जा रहा है, जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है।
READ MORE: MPPSC ने जारी किया 2026 का परीक्षा कैलेंडर, असिस्टेंट प्रोफेसर के 1500 पदों पर होगी भर्ती
किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि व्यापारियों की धान बिना जांच के तौली जा रही है, जबकि किसानों को परेशान किया जा रहा है।
जाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार ममता मिश्रा और थाना प्रभारी रवि जादौन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किसानों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया गया। तहसीलदार ने खरीदी केंद्र के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और निर्देश दिए कि किसानों की धान की तुलाई समय पर की जाए। उन्होंने कुछ खराब धान के सैंपल जांच के लिए भेजे और कहा कि यदि यह किसी व्यापारी की पाई गई, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के कारण पन्ना–कटनी मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ, लेकिन प्रशासन की कार्रवाई के बाद मार्ग सामान्य हो गया।
READ MORE: टॉयलेट में मिला नवजात का शव, माँ ने की मारने की कोशिश