Pakistan Bangladesh Deal: भारत की सुरक्षा को लेकर एक नई चिंता सामने आई है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच एक औपचारिक सैन्य समझौते को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज हो गई है। माना जा रहा है कि यह समझौता पाकिस्तान और सऊदी अरब के बीच पहले से मौजूद सैन्य सहयोग मॉडल पर आधारित हो सकता है।
सूत्रों का कहना है कि इस प्रस्तावित समझौते में संयुक्त सैन्य अभ्यास, खुफिया जानकारी साझा करना, सैनिकों का प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और सैन्य सलाहकारों की तैनाती जैसे प्रावधान शामिल हो सकते हैं। अगर यह समझौता लागू होता है तो इसके रणनीतिक और सुरक्षा प्रभाव भारत के लिए चिंता का विषय बन सकते हैं।
READ MORE: भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष का नया ठिकाना होगा मध्य प्रदेश भवन
खास बात यह है कि इस समझौते को नाटो देशों की तर्ज पर बताया जा रहा है, जहां किसी एक देश पर हमला पूरे समूह पर हमला माना जाता है। इसी वजह से इसे भारत को घेरने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में मोहम्मद यूनुस की नियुक्ति के बाद ढाका और इस्लामाबाद के रिश्तों में तेजी से नजदीकी बढ़ी है। इस दौरान बांग्लादेश ने भारत से दूरी बनाते हुए पाकिस्तान के साथ सैन्य और रणनीतिक सहयोग को प्राथमिकता दी है।
बताया जा रहा है कि दोनों देशों के बीच म्यूचुअल डिफेंस एग्रीमेंट यानी परस्पर रक्षा समझौते पर काम चल रहा है। इसे फरवरी में प्रस्तावित चुनावों से पहले अंतिम रूप देने की कोशिश की जा रही है।