Nobel Prize 2025: साल 2025 का भौतिकी का नोबेल पुरस्कार अमेरिका के तीन वैज्ञानिकों को दिया गया है। रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने मंगलवार, 7 अक्टूबर को यह घोषणा की। इस साल के विजेता हैं – जॉन क्लार्क (कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, बर्कले), माइकल डेवोरेट (येल यूनिवर्सिटी) और जॉन एम. मार्टिनिस (कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी, सांता बारबरा)।
इन वैज्ञानिकों को यह पुरस्कार क्वांटम मैकेनिक्स के क्षेत्र में खास खोज के लिए दिया गया है। उन्होंने ऐसा इलेक्ट्रिकल सर्किट तैयार किया जिसमें क्वांटम टनलिंग और ऊर्जा के स्तर (energy levels) को बड़े पैमाने (मैक्रोस्कोपिक लेवल) पर दिखाया जा सका। इससे पहले ये प्रभाव सिर्फ सूक्ष्म कणों जैसे इलेक्ट्रॉन में देखे जाते थे।
यह खोज क्वांटम कंप्यूटर, क्वांटम क्रिप्टोग्राफी और क्वांटम सेंसर्स जैसी उन्नत तकनीकों को बेहतर समझने और विकसित करने में मदद करेगी।
नोबेल समिति ने इसे क्वांटम दुनिया को इंसानी स्तर पर दिखाने वाली एक बड़ी सफलता बताया है।
इन विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप 11 मिलियन स्वीडिश क्रोना (करीब 10.3 करोड़ रुपये), सोने का मेडल और सर्टिफिकेट दिया जाएगा। यह सम्मान 10 दिसंबर 2025 को स्टॉकहोम में प्रदान किया जाएगा।
गौरतलब है कि भौतिकी में अब तक 118 वैज्ञानिकों को नोबेल मिल चुका है। भारत के सर सीवी रमन (1930) और सुब्रह्मण्यम चंद्रशेखर (1983) इस श्रेणी में सम्मानित हो चुके हैं।
READ MORE: सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव आयोग से 3.66 लाख हटाए गए मतदाताओं की जानकारी मांगी