मुंबई के पवई इलाके में बुधवार दोपहर को सनसनीखेज मामला सामने आया। रा स्टूडियो में एक शख्स ने ऑडिशन के बहाने 17 बच्चों और दो वयस्कों को बंधक बना लिया। जानकारी मिलने पर क्विक रेस्पॉन्स टीम (QRT), स्पेशल कमांडो और मुंबई पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि घटना करीब 1:45 बजे हुई। बच्चें और उनके अभिभावक पहले से ही ऑडिशन के लिए स्टूडियो में मौजूद थे। कई माता-पिता को तब शक हुआ जब बच्चों को दोपहर का खाना देने की अनुमति नहीं दी गई। आरोपी की पहचान रोहित आर्या के रूप में हुई है। वह स्टूडियो में ही काम करता था और पिछले दिनों से ऑडिशन चला रहा था पुलिस के अनुसार उसने 100 से ज्यादा बच्चों को बुलाया था।
पुलिस ने बताया आरोपी मनोवैज्ञानिक रूप से अस्थिर नजर आता है। उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर धमकी दी थी कि अगर उकसाया गया तो वह स्टूडियो जला देगा और आत्महत्या कर लेगा। घटनास्थल से एक एयर गन और केमिकल बरामद हुए।
पुलिस ने बाथरूम के रास्ते अंदर घुसकर रेस्क्यू ऑपरेशन किया और सभी बंधकों को सुरक्षित बाहर निकाला। आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। कोई घायल नहीं हुआ। सभी बच्चों को उनके अभिभावकों को सौंप दिया गया है।
 
															 
															 
															 
             
             
					 
					