MP Weather Update: मध्यप्रदेश में संक्रांति के बाद मौसम एक बार फिर बदलने जा रहा है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 15 जनवरी से एक नया और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके असर से 2 से 3 दिन बाद प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में मावठा (हल्की बारिश) गिरने की संभावना है।
उत्तर एमपी में कड़ाके की ठंड
फिलहाल ग्वालियर, चंबल, रीवा और सागर संभाग में तेज ठंड और ठिठुरन बनी हुई है। उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण ठंड का असर और बढ़ गया है। ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री से नीचे बना हुआ है। दतिया, श्योपुर जैसे जिलों में भी रातें बेहद ठंडी हो रही हैं।
कोहरे की चादर से ढका प्रदेश
मंगलवार सुबह ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में मध्यम कोहरा रहा। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, खजुराहो, गुना, शिवपुरी, शाजापुर और सीहोर में भी कोहरे का असर देखा गया। ज्यादातर जगहों पर दृश्यता 1 से 2 किलोमीटर तक रही।
READ MORE: टैरिफ तनाव के बीच ट्रंप का भारत दौरा संभव, अमेरिकी राजदूत का ने दिया संकेत
कल्याणपुर सबसे ठंडा
शहडोल जिले का कल्याणपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री दर्ज किया गया। बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे ठंडा रहा। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में भी पारा 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
दिन में भी नहीं मिली राहत
दिन के तापमान में भी ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई। दतिया में अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री दर्ज किया गया।
ट्रेनों पर असर
घने कोहरे के कारण दिल्ली से भोपाल, इंदौर और उज्जैन आने वाली कई ट्रेनें लेट चल रही हैं। मालवा एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों पर असर पड़ा है।
READ MORE: दिग्विजय सिंह का दलित एजेंडा, भोपाल डिक्लेरेशन-2 पर मंथन शुरू