Highlights
- एमपी के 30 से ज्यादा जिलों में बारिश, 8 जिलों में ओले गिरे
- गेहूं, चना और सरसों की फसलों को भारी नुकसान, किसान चिंतित
- घना कोहरा और ठंड बढ़ी, ग्वालियर-शिवपुरी में स्कूलों की छुट्टी
MP Weather Update: दो मौसमी सिस्टम के एक्टिव होने से मध्य प्रदेश में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर समेत 30 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई। ग्वालियर में सबसे ज्यादा ढाई इंच पानी गिरा, जबकि 8 जिलों में ओले पड़े।
ओले गिरने से फसलों को भारी नुकसान
ओलों और तेज बारिश से गेहूं, चना, सरसों, मसूर और धनिया की फसलें खेतों में बिछ गई। ग्वालियर-चंबल अंचल के गुना, शिवपुरी, भिंड, मुरैना और श्योपुर में किसानों की चिंता बढ़ गई है। कई गांवों में बेर और नींबू के आकार के ओले गिरे।
अशोकनगर और मुरैना सबसे ज्यादा प्रभावित
अशोकनगर के बहादुरपुर क्षेत्र के नरखेड़ा, ओडेर, नानौटी सहित कई गांवों में कुछ मिनट की ओलावृष्टि से खेतों और गलियों में सफेद परत जम गई। मुरैना में सरसों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा, फलियां टूटकर जमीन पर गिर गई।
READ MORE: इंदौर में दूषित पानी से 29वीं मौत, हाईकोर्ट ने बनाया स्वतंत्र जांच आयोग
घना कोहरा, विजिबिलिटी घटी
बारिश के बीच बुधवार सुबह कई शहरों में घना कोहरा छाया रहा। ग्वालियर में विजिबिलिटी मात्र 50 मीटर दर्ज की गई। भोपाल, दतिया, रीवा, सागर सहित कई जिलों में भी कोहरा रहा।
स्कूलों में छुट्टी, जनजीवन प्रभावित
लगातार बारिश और ठंड के चलते ग्वालियर-शिवपुरी में कक्षा 8 तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई। सड़कों पर जलभराव और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ।
आज भी खराब मौसम की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवा का अलर्ट है। तापमान में 2–3 डिग्री की गिरावट के आसार हैं। किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
READ MORE: राष्ट्रपति मुर्मू का संसद में संबोधन, किसान-स्टार्टअप से लेकर सुरक्षा तक सरकार का रोडमैप साझा किया