MP Weather Update: मध्य प्रदेश में नवंबर की शुरुआत में ही ठंड ने जोर पकड़ लिया है। मंगलवार रात राज्य के 11 शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक शीतलहर (कोल्ड वेव) का अलर्ट जारी किया है। भोपाल और इंदौर में तो 25 साल का ठंड का रिकॉर्ड टूट गया है।
डिंडौरी और मंडला में रात का तापमान करीब 11 डिग्री रहा। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम में तेज ठिठुरन महसूस की जा रही है। लोगों ने अब अलाव जलाना और गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचने की सलाह दी है।
देवास में गिरते तापमान को देखते हुए कलेक्टर ने सभी स्कूलों का समय बदल दिया है। अब नर्सरी से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 10 बजे से पहले नहीं लगेंगी।
राजस्थान में भी ठंड बढ़ गई है। सीकर और टोंक में मौसम विभाग ने कोल्ड वेव का यलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं, दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया है। मंगलवार को AQI 425 दर्ज किया गया, जिसके बाद सरकार ने निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी और कक्षा 5 तक के बच्चों के लिए ऑनलाइन पढ़ाई का आदेश दिया है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हिमालय क्षेत्र में जल्दी सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से उत्तर भारत में बर्फबारी हो रही है, जिसका असर अब एमपी और राजस्थान तक दिख रहा है।
READ MORE: बिहार एग्जिट पोल 2025: नीतीश के नाम फिर बहार, एनडीए को बहुमत के आसार