MP Weather Update: मध्यप्रदेश में नए साल के पहले दिन मौसम ने करवट ली। तेज सर्दी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में कोहरा और बादलों का असर बना रहा। मौसम विभाग ने साफ किया है कि यह राहत ज्यादा समय तक नहीं रहेगी। 3 जनवरी से फिर कड़ाके की सर्दी लौटने वाली है।
उत्तरी जिलों में कोहरा
गुरुवार को श्योपुर, मुरैना, ग्वालियर, भिंड और दतिया में बादल छाए रहे। दतिया में हालात ऐसे थे कि विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर तक रह गई। इसके अलावा खजुराहो, सतना, रीवा, सीधी, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, राजगढ़, रतलाम, नर्मदापुरम, खरगोन, गुना और दमोह में भी कोहरा देखा गया। आज भी कई जिलों में कोहरे का असर बना हुआ है।
READ MORE: अपने ही चपरासी की LEAVE अप्रूव करने मेडम ने ली 5 हजार की रिश्वत, रंगे हाथों पकड़ाई
3 जनवरी से बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार 3, 4 और 5 जनवरी को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में घना कोहरा छाएगा। इसके साथ ही तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का असर तेज होगा।
ट्रेनें हो रही लेट
घने कोहरे की वजह से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिल्ली से मध्यप्रदेश आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। कुछ ट्रेनें 8 से 10 घंटे तक लेट पहुंच रही हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।
सबसे ठंडे इलाके
प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा। शहडोल का कल्याणपुर दूसरे नंबर पर रहा, जहां पारा 6.4 डिग्री रहा। कई शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार सर्दी रिकॉर्ड तोड़ रही है। जनवरी में भी शीतलहर और घना कोहरा बना रहेगा।
READ MORE: 2026 के पहले दिन शेयर बाजार सपाट; ऑटो और IT शेयरों में तेजी, ITC की गिरावट से FMCG दबाव में