MP Weather Today: मध्यप्रदेश इन दिनों भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। भोपाल, खजुराहो, ग्वालियर समेत कई शहरों में हालात ऐसे हैं कि 20 मीटर दूर देखना भी मुश्किल हो गया है। सुबह के समय सड़कों पर वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक घना कोहरा और शीतलहर बने रहने की चेतावनी दी है।
24 जिलों में स्कूल बंद
तेज ठंड और कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने प्रदेश के 24 जिलों में नर्सरी से 8वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, विदिशा, हरदा सहित कई जिले इसमें शामिल हैं। वहीं राजधानी भोपाल, धार, सागर समेत 7 जिलों में स्कूलों की टाइमिंग बदल दी गई है, ताकि बच्चों को सुबह की ठंड से राहत मिल सके।
READ MORE: इंदौर में दूषित पानी से 17वीं मौत; सरकारी आदेश में ‘घंटा’ विवाद का जिक्र, देवास के SDM सस्पेंड
तापमान 4 डिग्री के करीब
ठंड का असर तापमान में साफ दिख रहा है। शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री दर्ज किया गया। दतिया में 4.4 डिग्री, राजगढ़-खजुराहो में 5.4 डिग्री और मुरैना में 5.5 डिग्री रहा। बड़े शहरों में भोपाल 6.8, ग्वालियर 6.4 और इंदौर 8.6 डिग्री पर रहा।
ट्रेनें 15 घंटे तक लेट
घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर रेल यातायात पर पड़ा है। इटारसी आने वाली कई ट्रेनें 13 से 15 घंटे तक देरी से पहुंची। श्रीधाम एक्सप्रेस और अगरतला–रानी कमलापति स्पेशल जैसी ट्रेनें घंटों लेट रही। यात्रियों को स्टेशन पर ठंड में लंबा इंतजार करना पड़ा।
अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार हवा की रफ्तार कम और नमी ज्यादा होने से कोहरा बना हुआ है। लोगों को सुबह-शाम सावधानी बरतने, बेवजह बाहर न निकलने और वाहन चलाते समय फॉग लाइट इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
READ MORE: अजब गजब कांग्रेसी! जिसके खिलाफ विरोध करने गए, उसी के साथ डटकर किया नाश्ता