MP Weather Today: मध्यप्रदेश में ठंड के साथ अब घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सोमवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में सीजन का पहला घना कोहरा देखने को मिला। खासकर ग्वालियर-चंबल अंचल में विजिबिलिटी बेहद कम रही। मुरैना और रायसेन में भी विजिबिलिटी घटकर करीब 50 मीटर तक सिमट गई, जिससे वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 14 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इनमें ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली शामिल हैं।
READ MORE: आंगनबाड़ी की बदहाली: बच्चों के साथ बकरियां भी खा रही मिड-डे मील
प्रदेश में तापमान लगातार नीचे बना हुआ है। पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बड़े शहरों में इंदौर सबसे ठंडा रहा, यहां पारा 6.4 डिग्री रहा। भोपाल में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री, जबलपुर में 9.4 डिग्री और ग्वालियर-उज्जैन में 9.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है।
हालांकि राहत की बात यह है कि अगले तीन दिनों तक शीतलहर चलने की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 17 दिसंबर की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर अगले दो-तीन दिनों में मध्यप्रदेश में दिखेगा। इसके बाद ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है। लोगों को सुबह और रात के समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
READ MORE: भाजपा का बड़ा संगठनात्मक फैसला; नितिन नबीन बने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष