Aayudh

Categories

MP Weather: मध्य प्रदेश में ठंड ने पकड़ी रफ्तार; रायसेन में पारा 5 डिग्री पर, इंदौर में टूटा 10 साल का रिकॉर्ड

MP Weather

MP Weather: मध्य प्रदेश में सर्दी ने दस्तक दे दी है। हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है। रायसेन जिले में ठंड तेजी से बढ़ रही है और तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुवार रात यहां का पारा गिरकर 5 डिग्री तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, रायसेन सहित भोपाल, विदिशा और सीहोर जैसे जिलों में भी रातें काफी ठंडी हो गई हैं। दिन में हल्की धूप निकल रही है, लेकिन सुबह और शाम को सर्द हवाएं लोगों को कंपकंपा रही हैं। इंदौर में इस बार नवंबर में 10 साल की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जहां तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। वहीं, भोपाल में पारा 11 डिग्री, ग्वालियर में 11.3 डिग्री और उज्जैन में 13 डिग्री तक गिर गया।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ी राज्यों में ताजा बर्फबारी और उत्तरी हवाओं के कारण आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है। फिलहाल राज्य में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन ठंड का असर बढ़ेगा।

बाजारों में ऊनी कपड़ों की बिक्री बढ़ गई है। किसानों के लिए यह ठंड लाभदायक मानी जा रही है क्योंकि इससे गेहूं, चना और सरसों की फसलों को फायदा मिल रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 15 नवंबर तक ठंड का असर और तेज होगा।

READ MORE: दिग्गज गायिका और अभिनेत्री सुलक्षणा पंडित का 71 साल की उम्र में निधन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *