MP Weather: मध्य प्रदेश इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। रविवार रात भोपाल में नवंबर के इतिहास की सबसे ठंडी रात रही, जब तापमान केवल 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले 84 साल का रिकॉर्ड तोड़ने वाला तापमान है। इससे पहले 30 नवंबर 1941 को न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री था।
इंदौर में पारा 7.2 डिग्री रहा, जो पिछले 25 साल में नवंबर की सबसे ठंडी रात मानी जा रही है। राजगढ़ में तापमान 5 डिग्री, ग्वालियर में 9.8 डिग्री, उज्जैन में 9.6 डिग्री और जबलपुर में 9.3 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में रात का तापमान 12 डिग्री से कम है।
उत्तर भारत में हुई बर्फबारी और उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में नवंबर में ही दिसंबर–जनवरी जैसी ठंड महसूस हो रही है। राज्य के उत्तरी और पश्चिमी जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, इंदौर, राजगढ़, शाजापुर, सतना, जबलपुर, रीवा, शहडोल, उमरिया सहित 23 जिलों में ठंड के कारण विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
अभिभावक बच्चों की सेहत को लेकर चिंतित हैं, क्योंकि स्कूल जाते समय वे ठिठुर रहे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है और ठंड के मद्देनज़र सतर्क रहने की हिदायत दी है।
READ MORE: उमरा यात्रा पर जा रही बस का भीषण एक्सीडेंट, हादसे में 42 भारतीय की मौत, 11 बच्चे शामिल