Aayudh

Categories

69 वर्ष पूरे होने पर एमपी विधानसभा का विशेष सत्र, विकास और आत्मनिर्भरता के संकल्प पर फोकस

MP Vidhan Sabha Special Session

MP Vidhan Sabha Special Session: भोपाल में आज मध्यप्रदेश विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र आयोजित किया जा रहा है। यह सत्र सुबह 11 बजे शुरू होगा और इसमें आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित मध्यप्रदेश के विषय पर चर्चा की जाएगी। यह दिन इसलिए भी खास है क्योंकि 17 दिसंबर 1956 को मध्यप्रदेश विधानसभा की पहली बैठक हुई थी। इस अवसर पर विधानसभा की स्थापना के 69 वर्ष पूरे हो गए हैं।

विशेष सत्र में सरकार प्रदेश के विकास से जुड़ा अपना रोडमैप प्रस्तुत करेगी। सदन में पक्ष और विपक्ष के विधायक बिना प्रश्नकाल के इस विषय पर अपने विचार रखेंगे। चर्चा का केंद्र यह रहेगा कि विकसित भारत के लक्ष्य में मध्यप्रदेश किस तरह अपनी भूमिका निभा सकता है।

READ MORE: टॉयलेट में मिला नवजात का शव, माँ ने की मारने की कोशिश

इससे पहले राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने विशेष सत्र से पहले अपने विधायकों की बैठक बुलाई है। बैठक में प्रदेश की आर्थिक स्थिति, किसान, युवा, महिला, आदिवासी और कमजोर वर्गो से जुड़े मुद्दों पर रणनीति तय की जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भी अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया है।

विशेष सत्र के साथ विधानसभा परिसर में ‘विधानसभा की सात दशक की यात्रा’ विषय पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यपाल मंगूभाई पटेल करेंगे। प्रदर्शनी में प्रथम विधानसभा से लेकर वर्तमान 16वीं विधानसभा तक के महत्वपूर्ण क्षणों और उपलब्धियों को 136 चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है। यह प्रदर्शनी 18 से 25 दिसंबर तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।

सत्र की शुरुआत में सदन में शोक प्रस्ताव भी रखे जाएंगे, जिनमें हाल ही में दिवंगत प्रमुख हस्तियों और शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

सत्र के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। धारा 163 लागू की गई है और विधानसभा परिसर के आसपास हथियार लेकर चलने और भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने लोगों से सहयोग और शांति बनाए रखने की अपील की है।

READ MORE: मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, जनजीवन प्रभावि; 22 जिलों में अलर्ट जारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *