MP SIR: शहडोल जिले के सोहागपुर तहसील में सोमवार को 54 वर्षीय प्राथमिक शिक्षक और बीएलओ मनीराम नापित का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे शासकीय प्राथमिक शाला बांध टोला, संकुल कोटमा में पदस्थ थे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में काम कर रहे थे।
बताया गया है कि सोमवार शाम मनीराम नापित पतेरिया गांव में मतदाताओं से फॉर्म भरवा रहे थे, तभी एक अधिकारी का फोन आया। फोन रखने के तुरंत बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। बेटे आदित्य नापित ने पिता को तुरंत घर और फिर मेडिकल कॉलेज ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
READ MORE: अयोध्या में पीएम मोदी का भव्य रोड शो; छात्रों ने बरसाए फूल, जल्द ही राम मंदिर पर होगा ध्वजारोहण
परिवार का कहना है कि एसआईआर कार्य का अत्यधिक दबाव और लगातार रातभर फॉर्म भरने का काम उनके पिता की मौत का मुख्य कारण था। मनीराम नापित शुगर और बीपी के मरीज भी थे। बेटे आदित्य ने बताया कि कई बार उनके पिता ने दबाव महसूस होने की बात अधिकारियों को बताई, लेकिन कोई राहत नहीं दी गई।
मनीराम नापित बूथ क्रमांक 212 के बीएलओ थे। यहां 676 मतदाताओं में से उन्होंने 453 के फॉर्म डिजिटलाइजेशन का काम पूरा किया, यानी कुल 67.01 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ।
परिवार ने सरकार से मृतक शिक्षक के आश्रितों के लिए मदद और एसआईआर कार्य में मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की मांग की है। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।