MP Flood Relief: मध्य प्रदेश के किसानों को बाढ़ और अतिवृष्टि से हुए नुकसान की भरपाई के लिए राहत दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को एक क्लिक में 20 करोड़ रुपये की राशि 17,500 किसानों के खातों में ट्रांसफर की।
सीएम ने बताया कि यह सहायता 11 जिलों के किसानों को दी गई है। अब तक वित्त वर्ष 2025-26 में 188.52 करोड़ रुपये की राहत राशि वितरित की जा चुकी है। इससे पहले सरकार 30 करोड़ रुपये की सहायता भी दे चुकी है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीएम ने कई जिलों के किसानों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि किसानों की मुस्कान ही मध्य प्रदेश की ताकत है। बारिश ने परेशानी दी है, लेकिन यही बारिश आने वाली फसलों से इसकी भरपाई भी करेगी।
मुख्यमंत्री ने धार जिले के किसानों से खास चर्चा की। एक किसान ने बताया कि केले की फसल को नुकसान हुआ और 58 हजार रुपये मुआवजा मिला। इस पर सीएम ने कहा कि केले के तने से कपड़ा बनाने का उद्योग जल्द ही धार में शुरू होगा। इससे किसानों को अतिरिक्त आय होगी।
सीएम ने कहा कि सरकार हर संकट में किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने किसानों से पूछा कि उन्हें नुकसान के हिसाब से राहत राशि मिली है या नहीं। इस पर किसानों ने मुआवजा मिलने की पुष्टि की।
उन्होंने कहा कि खेत में किसान और सीमा पर जवान दोनों मेहनत से देश की सेवा करते हैं। सरकार का दायित्व है कि हर आपदा में किसानों को सहारा दिया जाए।
सीएम यादव ने अनंत चतुर्दशी और आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में और भी योजनाओं से किसानों की मदद की जाएगी।
READ MORE: राजा रघुवंशी हत्याकांड में पत्नी सोनम मुख्य आरोपी, SIT ने दाखिल की 790 पन्नों की चार्जशीट