पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती को भाजपा पूरे देश में बड़े स्तर पर मनाएगी। इस अवसर पर देश की हर विधानसभा में “अटल स्मृति सम्मेलन” आयोजित किया जाएगा। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर को है, लेकिन कार्यक्रम 24 दिसंबर से शुरू होंगे। 24 दिसंबर को सुबह अटल जी की प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता प्रतिमाओं की साफ-सफाई करेंगे। उसी दिन शाम को सभी भाजपा कार्यालयों में दीप उत्सव मनाया जाएगा, जहां दीप जलाए जाएंगे।
25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक एक सप्ताह तक अटल जी के जीवन और कार्यो पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस दौरान उनके लेखों का प्रकाशन होगा, रंगोली प्रतियोगिताएं होंगी और विधानसभाओं में उनके विचारों पर चर्चा और वक्तव्य आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर कमेटियां बनाई जाएंगी।
अरुण सिंह ने बताया कि 25 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ग्वालियर में कार्यक्रम में भाग लेंगे। अन्य केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता भी अलग-अलग स्थानों पर मौजूद रहेंगे।
अरुण सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने देश को कई बड़ी उपलब्धियां दी। गांव-गांव तक सड़कें पहुंचाना, पोखरण परमाणु परीक्षण और कारगिल विजय उनके नेतृत्व की बड़ी मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अटल जी के सपनों को आगे बढ़ा रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं में इन कार्यक्रमों को लेकर उत्साह है और तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। यह आयोजन अटल जी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास होगा।
READ MORE: वोटर्स के लिए जरूरी खबर! MP में SIR के बाद वोटर लिस्ट से कट सकते हैं 25 लाख नाम