Lata Mangeshkar Death Anniversary : MP ने दुनिया को कई बड़े सितारे दिए हैं। उन्हीं सितारों में से एक नाम है लता मंगेशकर। भारत की स्वर कोकिला कही जाने वाली लता मंगेशकर जी की आज पुण्यतिथि है।
लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को इंदौर में हुआ था। लता जी ने 6 फरवरी 2022 को 92 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। लता मंगेशकर आज इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन उनके गीत और उनकी आवाज़ आज भी करोड़ो लोगों के दिलों पर राज करती है। आज उनकी तीसरी पुण्यतिथि है। आइए जानते हैं उनकी जिंदगी से जुड़े किस्सों को।
उन्होंने अलग – अलग भाषाओं में गाए कई गाने
‘लता समग्र’ में लता मंगेशकर के अलग – अलग भाषाओं में गाए गए गानों की जानकारी दी गई है। इसउन्होंने किताब के अनुसार उन्होंने 5328 हिंदी फिल्मी गाने, 198 गैर फिल्मी गाने और 127 गाने ऐसे गाए जो कभी रिलीज ही नहीं हुए। उन्होंने 24 संस्कृत, 48 गुजराती, 69 पंजाबी, 206 बंगाली और 405 मराठी गानों को अपनी आवाज़ दी है। लता मंगेशकर बहुमुखी प्रतिभाओं की धनी थीं। अपने करियर में उन्होंने 50 हज़ार से अधिक गाने रिकॉर्ड किए हैं, जिसके बाद उनका नाम गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया।
क्यों पहनती थीं सफेद साड़ी?
लता जी हमेशा सफेद रंग की साड़ी पहना करती थीं। उन्हें जब भी देखा गया सफ़ेद साड़ी में ही देखा गया। उनकी साड़ी के डिजाइन और बॉर्डर का रंग बदल जाया करता था लेकिन साड़ी का असल रंग सफ़ेद ही रहता था। लता मंगेशकर ने खुद बताया था कि उन्हें सफ़ेद रंग बहुत पसंद है।
यतींद्र मिश्र ने लता मंगेशकर की बायोग्राफी ‘सुर गाथा’ में भी इस बात का जिक्र किया है। इसमें बताया गया है कि जब उनसे सफ़ेद साड़ी ही पहनने की वजह पूछी गई थी तब उन्होंने कहा था – ‘रंग मुझे अच्छे लगते हैं और वे सब साड़ियों में खूब फबते भी हैं, लेकिन दूसरों पर. खुद मुझे रंगीन कपड़े पहनना अटपटा सा लगता है. इसकी कोई वजह नहीं है, लेकिन अगर मैं कभी लाल या ऑरेंज कलर की साड़ी पहनती हूं तो मुझे लगता है कि किसी ने मुझ पर होली के रंग डाल दिए हैं, इसलिए मुझे सफेद या चंदन जैसे रंग पसंद आते हैं।’
कई बड़े सम्मानों से नवाज़ा गया
लता मंगेशकर जी को देश – विदेश में कई प्रमुख सम्मानों से नवाज़ा गया है। उन्हें फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑफिसर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ से सम्मानित किया जा चुका है। लता जी से पहले यह सम्मान फ़िल्म डायरेक्टर सत्यजीत रे और महानायक अमिताभ बच्चन को दिया जा चुका है।
आपको बता दें कि ‘ऑफिसर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर’ फ्रांस के द्वारा दिया जाने वाला सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। यह सम्मान फ्रांस के नागरिकों और विदेशियों को दिया जाता है।
CM Mohan Yadav ने दी श्रद्धांजलि
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्वीटर) के जरिए लता जी को श्रद्धांजलि दी है। वह लिखते हैं, ‘भारत रत्न, स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर जी की पुण्यतिथि पर सादर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।आपकी अद्वितीय संगीत साधना ने भारतीय फिल्म जगत को समृद्ध किया, साथ ही विश्व में असंख्य प्रशंसकों को गीत-संगीत से आनंदित किया। अपनी मधुर आवाज से आप सदैव हमारे बीच उपस्थित रहेंगी।’