Indore News: इंदौर एयरपोर्ट पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक यात्री की पैंट में चूहा घुस गया और उसने यात्री को काट लिया। पीड़ित यात्री अरुण मोदी अपनी पत्नी के साथ इंडिगो फ्लाइट पकड़ने एयरपोर्ट पहुंचे थे। फ्लाइट का समय होने तक वे पैसेंजर ब्लॉक में बैठे थे, तभी एक चूहा उनकी पैंट में घुस गया और पैर पर काट लिया।
घटना के बाद जब वे मेडिकल रूम पहुंचे तो वहां न तो रैबीज का इंजेक्शन मिला और न ही टिटनेस का। काफी नाराजगी जताने के बाद मुश्किल से टिटनेस का इंजेक्शन मिल सका, लेकिन रैबीज का इंजेक्शन उन्हें बेंगलुरु जाकर लगवाना पड़ा।
इस लापरवाही के चलते एयरपोर्ट पर तैनात डॉक्टर हर्षवर्धन सिंह को हटा दिया गया है और उन्हें नोटिस भी दिया गया है। हालांकि सफाई का काम संभाल रही पेस्ट कंट्रोल एजेंसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
कांग्रेस ने इस मामले में सफाई एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है और कहा है कि यह घटना ‘स्वच्छ इंदौर’ की छवि को खराब करती है। एयरपोर्ट पर पहले भी चूहों, कुत्तों और गंदगी की शिकायतें मिलती रही हैं। फिलहाल एयरपोर्ट प्रशासन ने पेस्ट कंट्रोल शुरू कर दिया है।
READ MORE: वांगचुक पर भड़काऊ भाषण का आरोप, राज्य की मांग ने लिया उग्र रूप, लेह में कर्फ्यू और जांच शुरू