Aayudh

Categories

Indore News: इंदौर एयरपोर्ट पर चूहे ने यात्री को काटा, मचा हड़कंप; फिर कराया गया पेस्ट कंट्रोल

Indore News

Indore News: शहर के एमवाय अस्पताल में दो नवजात बच्चों की चूहों के काटने से हुई मौत का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। इस बार इंदौर के देवी अहिल्या एयरपोर्ट पर एक यात्री को चूहे ने काट लिया।

घटना मंगलवार की है। भोपाल के रहने वाले अरुण मोदी अपनी पत्नी के साथ इंडिगो की फ्लाइट से बेंगलुरु जा रहे थे। फ्लाइट दोपहर की थी, लेकिन वे करीब 1 बजे ही एयरपोर्ट पहुंच गए थे। वे डिपार्चर हॉल में ग्राउंड फ्लोर पर एक रिक्लाइनर कुर्सी पर आराम कर रहे थे।

इसी दौरान एक चूहा उनकी पैंट में घुस गया। अरुण ने हड़बड़ाते हुए बाहर से चूहे को पकड़ा, लेकिन तभी चूहे ने उन्हें घुटने के पीछे काट लिया। इसके बाद उन्होंने पैंट उतारकर चूहे को बाहर निकाला और पकड़ लिया।

घटना से घबराए और गुस्साए अरुण मोदी और उनकी पत्नी चिल्लाने लगे। शोर सुनकर एयरपोर्ट स्टाफ मौके पर पहुंचा और उन्हें मेडिकल रूम ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार दिया और एंटीबायोटिक दवाई दी।

हालांकि, अरुण मोदी का कहना है कि एयरपोर्ट पर मेडिकल सुविधा पर्याप्त नहीं थी, इसलिए उन्होंने बेंगलुरु पहुंचने के बाद इंजेक्शन लगवाया।

एयरपोर्ट निदेशक विपिनकांत सेठ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यात्री को प्राथमिक इलाज दिया गया था और इसके बाद एयरपोर्ट परिसर में दोबारा पेस्ट कंट्रोल कराया गया।

बता दें कि इससे पहले भी एयरपोर्ट पर चूहों, मच्छरों, कॉकरोच और आवारा कुत्तों को लेकर यात्रियों ने कई बार शिकायतें की हैं। एक बार एक यात्री ने फूड काउंटर के पास चूहों का वीडियो बनाकर भी सोशल मीडिया पर डाला था।

एमवाय अस्पताल में हाल ही में चूहों के काटने से दो नवजात बच्चियों की मौत हुई थी, और अब एयरपोर्ट पर यह घटना सामने आने से साफ है कि शहर में साफ-सफाई और सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही बरती जा रही है।

READ MORE: दिवाली से पहले रेलवे कर्मचारियों को सरकार का तोहफा, 78 दिन का बोनस मंजूर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *