Aayudh

Categories

Indore: CM मोहन यादव के सामने मेयर के बेटे का तीखा भाषण, बुलेट ट्रेन और रेलवे विकास योजनाओं पर उठाए सवाल

Indore

Indore: इंदौर में बीजेपी महापौर पुष्यमित्र भार्गव के बेटे संघमित्र भार्गव का भाषण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। संघमित्र ने वाद-विवाद प्रतियोगिता के मंच से केंद्र सरकार की योजनाओं पर सवाल खड़े किए। खासकर उन्होंने बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट और रेलवे में हो रहे कामों को लेकर सरकार को घेरा।

बुलेट ट्रेन पर साधा निशाना

संघमित्र ने कहा कि सरकार ने अहमदाबाद-मुंबई बुलेट ट्रेन का वादा किया था। 2022 तक ट्रेन दौड़ने की बात कही गई थी। लेकिन आज तक यह प्रोजेक्ट सिर्फ पीपीटी से बाहर नहीं आ पाया है। जमीन अधिग्रहण में घोटालों के आरोप लगे और करोड़ों रुपये खर्च हो गए, लेकिन ट्रेन अभी तक पटरियों पर नहीं आई।

रेल हादसों का मुद्दा उठाया

संघमित्र ने कहा कि सरकार कवच सिस्टम का दावा करती है। कहा जाता है कि इससे रेल हादसे रुकेंगे। लेकिन हकीकत यह है कि पिछले 10 साल में करीब 20 हजार लोगों की मौत रेल हादसों में हुई है। उन्होंने कहा, “जब रेल हादसा होता है तो सिर्फ डिब्बे नहीं टूटते, बल्कि किसी मां की गोद सूनी हो जाती है और बच्चों का भविष्य अंधकार में चला जाता है।”

रेलवे स्टेशन री-डेवलपमेंट पर सवाल

उन्होंने रेलवे स्टेशन विकास योजनाओं पर भी तंज कसा। संघमित्र ने कहा कि सरकार कहती है कि 400 स्टेशन एयरपोर्ट जैसे बनाए जाएंगे। लेकिन अब तक सिर्फ 20 स्टेशन ही तैयार हो पाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “सबका साथ सबका विकास” के नाम पर असल में “दलाल का साथ, जनता का विनाश” हो रहा है।

CM मोहन यादव की मौजूदगी में दिया भाषण

यह भाषण इंदौर के देवी अहिल्या बाई ऑडिटोरियम में हुआ। इस दौरान मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी मौजूद थे। भाषण के बाद CM मोहन यादव ने माहौल हल्का करने की कोशिश की। उन्होंने कहा, “हमारा भतीजा अच्छा बोला। लोकतंत्र में सबको बोलने का हक है, लेकिन मैं इसके कुछ विषय जरूर सुधरवाऊंगा।”

कांग्रेस नेताओं ने की तारीफ

संघमित्र भार्गव के इस भाषण पर कांग्रेस नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी। दिग्विजय सिंह ने उन्हें प्रभावशाली वक्ता बताया। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने लिखा कि संघमित्र सच की राह पर चलने वाले युवा हैं और उन्हें इस सोच पर कायम रहना चाहिए। विक्रांत भूरिया ने भी कहा कि यह भाषण दिखाता है कि आज का युवा जाग चुका है।

लाइव स्ट्रीमिंग से हटाया हिस्सा

संघमित्र का यह भाषण सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि विवाद से बचने के लिए कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग से उनके भाषण का हिस्सा हटा दिया गया।

CM बोले- प्रतियोगिताओं से आते हैं अच्छे वक्ता

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को मजबूत वक्ता बनाती हैं। भारतीय संस्कृति में पहले शास्त्रार्थ होते थे, आज उसी परंपरा को वाद-विवाद प्रतियोगिता आगे बढ़ा रही है।

READ MORE: अमेरिका-भारत रिश्तों में दरार? ट्रंप बोले- “भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया”, SCO समिट के बाद बढ़ी टैरिफ टेंशन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *