IND VS SA: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। तीन महीने बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की टीम में वापसी हुई है। वह उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे, जबकि शुभमन गिल टीम की कप्तानी करेंगे। तेज गेंदबाज आकाश दीप भी चोट से उबरकर टीम में लौटे हैं।
टीम में ज्यादातर वही खिलाड़ी शामिल हैं जो वेस्टइंडीज सीरीज का हिस्सा थे। करुण नायर को एक बार फिर मौका नहीं मिला। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ओपनिंग करेंगे, जबकि साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल को भी टीम में शामिल किया गया है।
भारत के पास चार स्पिनर जडेजा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव और तीन तेज गेंदबाज बुमराह, सिराज और आकाश दीप होंगे।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट 14 नवंबर से कोलकाता में और दूसरा 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा। खास बात यह है कि गुवाहाटी में पहली बार कोई टेस्ट मैच आयोजित होगा।