IND vs PAK Controversy: एशिया कप 2025 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले के दौरान विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीसीसीआई ने आईसीसी से पाकिस्तान के दो खिलाड़ियों हारिस रऊफ और साहिबजादा फरहान की शिकायत की है। आरोप है कि इन खिलाड़ियों ने मैच के दौरान भड़काऊ इशारे किए। फरहान ने अर्धशतक के बाद गन सेलिब्रेशन किया, जबकि रऊफ ने प्लेन गिराने जैसा इशारा किया।
बीसीसीआई ने इस मामले में वीडियो सबूतों के साथ 24 सितंबर को शिकायत की थी। अब ICC इस मामले में सुनवाई कर सकता है। अगर दोनों खिलाड़ी आरोपों से इनकार करते हैं, तो उन्हें मैच रेफरी रिची रिचर्डसन के सामने पेश होना होगा।
दूसरी ओर, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की शिकायत की है। पीसीबी का आरोप है कि सूर्या ने पाकिस्तान के खिलाफ राजनीतिक बयान दिए और टॉस के दौरान हाथ नहीं मिलाया। ICC ने इस पर कार्रवाई करते हुए सूर्यकुमार को जवाब देने के लिए मेल भेजा है।
इससे पहले भी दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच बहस और टकराव देखे गए थे। अब देखना होगा कि ICC इस मामले में क्या फैसला करता है।