Highlights
- FY27 में GDP ग्रोथ 6.8% से 7.2% के बीच रहने का अनुमान
- महंगाई नियंत्रित रहने की संभावना; इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात में तेजी
- कृषि उत्पादन रिकॉर्ड, राजकोषीय घाटा घटा और रोजगार में सुधार
Economic Survey 2025-26: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में आर्थिक सर्वे 2025-26 पेश किया। इसमें अनुमान लगाया गया है कि वित्त वर्ष 2027 (FY27) में भारत की GDP वृद्धि 6.8% से 7.2% के बीच रह सकती है। सर्वे के अनुसार देश की अर्थव्यवस्था मजबूत है और विकास स्थिर है।
महंगाई पर नियंत्रण का भरोसा
सर्वे में कहा गया है कि सप्लाई में सुधार और GST दरों को सही करने से महंगाई नियंत्रित रहेगी। सरकार को उम्मीद है कि इससे कीमतों पर दबाव कम होगा और लोगों को राहत मिलेगी।
इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में तेजी
सर्वे में इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर की बढ़त को खास जगह दी गई है। FY22 में यह सातवी बड़ी निर्यात श्रेणी थी, जो FY25 में तीसरी और सबसे तेजी से बढ़ने वाली श्रेणी बन गई। FY26 की पहली छमाही में इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात 22.2 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया। मोबाइल फोन उत्पादन FY15 में 18,000 करोड़ था, जो FY25 में बढ़कर 5.45 लाख करोड़ हुआ।
कृषि में सुधार और रिकॉर्ड उत्पादन
कृषि क्षेत्र में FY26 में 3.1% वृद्धि की उम्मीद है। FY25 में अनाज उत्पादन 3,320 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा, जिससे महंगाई नियंत्रित करने में मदद मिली। सरकार अब किसानों की आय बढ़ाने और बेहतर भंडारण सुविधाओं पर भी काम कर रही है।
राजकोषीय घाटा घटा, विदेशी मुद्रा बढ़ी
FY25 में केंद्र सरकार का राजकोषीय घाटा 4.8% रहा, जबकि FY26 का लक्ष्य 4.4% है। विदेशी मुद्रा भंडार FY24 में 668 बिलियन डॉलर से बढ़कर FY25 में 701 बिलियन डॉलर हो गया।
निर्यात और व्यापार में मजबूती
FY25 में भारत का कुल निर्यात 825.3 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा। अमेरिका की 50% टैरिफ के बावजूद अप्रैल-दिसंबर 2025 में सामान निर्यात 2.4% बढ़ा और सर्विस एक्सपोर्ट 6.5% बढ़ा। भारत ने EU, ब्रिटेन, न्यूजीलैंड और ओमान के साथ नए व्यापार समझौते किए हैं।
नौकरी और रोजगार
भारत की वर्कफोर्स 56 करोड़ से ज्यादा है। टैक्स सुधार और श्रम सुधारों से मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में रोजगार 6% बढ़ा, यानी FY24 में 10 लाख से ज्यादा नई नौकरियां बनी। सरकार स्किल और रोजगार के बीच अंतर कम करने के लिए स्कूलों में वोकेशनल ट्रेनिंग पर जोर दे रही है।
महंगाई का अनुमान
RBI और IMF के अनुसार महंगाई 4% के लक्ष्य के आसपास रहेगी। RBI ने FY26 के लिए महंगाई अनुमान 2% रखा है। FY27 की पहली और दूसरी तिमाही में महंगाई लगभग 4% रहने का अनुमान है।
READ MORE: UGC के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक, कहा – 2012 के नियम ही रहेंगे लागू…